रेवाड़ी। रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगेज स्कैनर और मेटल डिटेक्टर मशीन लगाई जाएगी। इसके लगने से किसी भी यात्रियों को प्लेटफाॅर्म पर पहुंचने से पहले अपने सामान की जांच लगेज स्कैनर मशीन से करानी होगी और उनकी व्यक्तिगत जांच मेटल डिटेक्टर से की जाएगी। इस व्यवस्था के संचालन और यात्रियों की जांच की जिम्मेदारी आरपीएफ के हाथों में होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए स्टेशन पर मौजूद अवैध रूप से बने सभी द्वार बंद कर दिए जाएंगे। प्रवेश और निकासी के लिए केवल एक ही एंट्री और एक ही एक्जिट पॉइंट होगा। इससे जहां यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी वहीं स्टेशन परिसर में अवांछित गतिविधियों पर भी रोक लगाई जा सकेगी।
इस व्यवस्था के शुरू होने के बाद यात्रियों को कई लाभ मिलेंगे। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि सफर अब और अधिक सुरक्षित होगा। संभावित आपराधिक गतिविधियों और संदिग्ध सामान पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी। साथ ही अनधिकृत व्यक्तियों का प्लेटफाॅर्म पर प्रवेश रुक जाएगा।
यात्रियों को भरोसा मिलेगा कि उनका सफर सुरक्षित रहेगा। अमृत भारत प्रोजेक्ट के तहत स्टेशन के पुनर्विकास और सुंदरीकरण का कार्य 32 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है। इसी योजना के अंतर्गत यात्रियों की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए 12 लाख रुपये की राशि विशेष रूप से लगेज स्कैनर और मेटल डिटेक्टर मशीनों के लिए स्वीकृत कर दी गई है।
स्टेशन पर चल रहे काम के पूरे होने के बाद लगभग दो माह में प्लेटफाॅर्म नंबर-1 के एंट्री पॉइंट जो टिकट काउंटर के बगल में स्थित है, पर यह हाईटेक मशीनें स्थापित कर दी जाएंगी। केवल टिकटधारी यात्री ही सुरक्षा जांच के बाद प्लेटफाॅर्म में प्रवेश कर सकेंगे।
स्टेशन पर 60 नए बोर्ड लगाए जाएंगे
रेलवे ने स्टेशन परिसर में 8 प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगभग 60 नए, उच्च गुणवत्ता वाले साइन बोर्ड लगाने की योजना बनाई है। इन्हें लगाने का काम भी शुरू हो चुका है। ये बोर्ड टिकट काउंटर, शौचालय और अन्य सुविधाओं की दिशा की जानकारी देंगे। स्टेशन पर ब्रेल लिपि में साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। ये बोर्ड आवागमन को आसान बनाएंगे, ताकि बिना किसी सहायता के स्टेशन पर आसानी से घूमा जा सके। रेवाड़ी जंक्शन पर अनाउंसमेंट सिस्टम को भी और बेहतर किया जा रहा है।
वर्जन:
रेवाड़ी जंक्शन पर 32 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन के सुंदरीकरण का कार्य जारी है। इसी के तहत स्टेशन पर नए साइन बोर्ड लगाने व स्टेशन के अनाउंसमेंट सिस्टम को दुरूस्त करने का काम किया जाएगा। -पूजा मित्तल, सीनियर डीसीएम, जयपुर डिविजन, उत्तर पश्चिम रेलवे जोन