बहादुरगढ़। मंगलवार की दोपहर नगर परिषद की टीम सेक्टर-6 के डिवाइडिंग रोड़ पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए पहुंची। नप दस्ते पर आमजन ने अतिक्रमण हटाने में भेदभाव बरतने का आरोप लगाया। दरअसल, टीम ने आमजन की दुकानों के बाहर किए गए कब्जों को तुरंत प्रभाव से हटा दिया। जबकि आरएसएस से जुड़े भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा द्वारा किए गए अवैध कब्जे को यूं ही छोड़ दिया। इससे आमजन में गुस्सा बढ़ गया। लोगों ने नप अधिकारियों को भी खूब खरी-खोटी सुनाई। कुछ देर बाद नप अधिकारी भी उस कब्जे को बिना हटाए वहां से निकल गए।
शहर में सेक्टर-6 के मोड़ पर ट्रिपल सी कांप्लेक्स है। इसके संचालक आरएसएस से जुड़े भाकिसं प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा हैं। यहां पर लोगों ने सरकारी जमीन पर लोहे का जीना (सीढ़ियां) लगा रखी हैं। मंगलवार को नगर परिषद का दस्ता अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए यहां पहुंचा। टीम ने कई दुकानों के बाहर लगाए गए जीने आदि अतिक्रमण को जेसीबी से तुड़वा दिया, लेकिन ट्रिपल सी कांप्लेक्स के बाहर लगे लोहे के जीने को नहीं हटाया और टीम लौटने लगी इससे दुकानदारों में गुस्सा बढ़ गया। दुकानदारों का कहना था कि ये लोहे का जीना आरएसएस से जुड़े भाकिसं प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा हैं। वे सत्तापक्ष से जुड़े हैं। जब टीम ने और दुकानदारों के जीने गिरवाए हैं तो उनका जीना क्यों छोड़ा गया। बहादुरगढ़ प्रापर्टी डीलर एसोसिएशन के पूर्व प्रधान आजाद अहलावत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नगर परिषद के एमई अर्जुन सिंह को खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि सतीश छिकारा के कब्जे को भी हटाओ। जब अन्य दुकानदारों के जीने तुड़वाए गए तो उनका भी टूटना चाहिए। कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए। इस दौरान आजाद अहलावत और सतीश छिकारा में बहस हुई। बताया गया है कि नगर परिषद टीम ने सतीश छिकारा के लोहे के जीने के ऊपर लगाया गया शेड तोड़ने की खानापूरी की पूरी तरह अतिक्रमण को नहीं हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर परिषद की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा।
नेताओं के लिए नियम कायदे अलग हैं क्या ?
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष से जुड़े होने की वजह से उनका जीना नहीं तोड़ा गया। सत्तापक्ष से जुड़े नेताओं के लिए क्या नियम कायदे अलग हैं। लोगों ने नप टीम ने भेदभाव के आरोप लगाकर टीम के सदस्यों से नाराजगी जताई और दस्ते के सदस्यों को खूब खरी खोटी सुनाई। इसे लेकर काफी देर तक बखेड़ा होता रहा। सरकारी जमीन पर कब्जे से खफा एक बुजुर्ग ने सतीश छिकारा से नाराजगी जताते हुए कहा कि आपने कब्जा ही क्यों किया। अगर आप अच्छे इंसान थे तो ऐसा नहीं करना चाहिए था। इस बार सतीश छिकारा ने कहा कब्जा तो सारा बहादुरगढ़ कर रहा है, हमने भी किया। इसे लेकर काफी देर तक हंगामी हालात बने रहे।
वर्जन
लोग जीने के ऊपर बैठे हुए थे इस कारण उसे हटाने में परेशानी हुई, लेकिन अवैध कब्जा हटवाया जाएगा। निष्पक्ष से कार्रवाई की जाएगी। शहर में कई जगहों पर अवैध कब्जा हटाया गया है।
अर्जुन सिंह, एमई