राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय में व्याख्यान देते हुए शिक्षक ।स्त्रोत संस्थान
झज्जर। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय स्थित प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में नेतृत्व एवं रोजगार के अवसर विषय पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान कार्यक्रम में पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय रोहतक के भूगोल प्राध्यापक एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश कुमार ने नेतृत्व कौशल की कला एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में किसी भी क्षेत्र में ख्याति हासिल करने के लिए नेतृत्व कौशल का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व कौशल विकसित करने के टिप्स दिए और बताया कि किस प्रकार रोजगार के विभिन्न अवसरों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थी अपनी तैयारी कर सकते हैं। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य डॉ. दलबीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक कौशलों की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनकी पारिवारिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि कैसी भी हो, लेकिन यदि उनमें मेहनत करने का जज्बा है तो निश्चित तौर पर सफलता मिल सकती है।