मेट्रो का उद्घाटन करने पहुंचे परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत।
- फोटो : Bahadurgarh
जैसे ही नजफगढ़-द्वारका कॉरिडोर जनता के लिए खोला गया। वैसे ही राजनेताओं में भी मेट्रो पर श्रेय लेने की होड़ मच गई है। भाजपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के नेता नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन पर न केवल नारियल फोड़ रहे है। बल्कि जनता को बधाई देते हुए इसका श्रेय अपनी-अपनी पार्टी को दे रहे हैं।
शुक्रवार से नजफगढ़-द्वारका मेट्रो कॉरिडोर शाम को जनता के लिए खोल दिया गया। इस मौके पर नजफगढ़ निवासी परिवार सहित मेट्रो की सवारी का लुत्फ उठाने के लिए नजफगढ़ स्टेशन पर पंहुचे। कुछ लोगों ने मेट्रो की सवारी करने आ रहे लोगों के बीच लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने नजफगढ़ स्टेशन पर नारियल फोड़कर मेट्रो का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नजफगढ़ वासियों को मेट्रो कांग्रेस की देन है। इसके बाद शाम को भाजपा के सांसद प्रवेश वर्मा ने द्वारका स्टेशन पर मेट्रो के लिए रिबन काटा। नजफगढ़ मेट्रो की योजना को अमली जामा पहनाने का श्रेय सिर्फ भाजपा को जाता है। शाम को जैसे मेट्रो जनता के लिए शुरू हुई तो दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने अपने समर्थकों समेत मेट्रो की सवारी की। अभी भी यह कार्य तब तक अधूरा जब तक मेट्रो ढांसा स्टेंड तक नहीं पहुंच जाती है।
अभी भी कॉरिडोर के स्टेशन पूरी तरह नहीं तैयार, निर्माण कार्य शेष
हालांकि नजफगढ़-द्वारका कॉरिडोर पर मेट्रो का चलन सुचारु रूप से शुरू हो गया है, लेकिन अभी भी इस कॉरिडोर के स्टेशन पूरी तरह से तैयार नहीं और निर्माण व मरम्मत का काम शेष है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन के गेट पर लोहे की बड़ी ग्रिल बीचोबीच पड़ी है जिससे कोई भी हादसा हो सकता है। अधिकारियों का इस ओर ध्यान ही नहीं है।
लोगों ने इस मौके पर जमकर मस्ती की और मेट्रो की सवारी का लुत्फ उठाया। फिर नजफगढ़ स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लोग काफी खिन्न दिखे और इसको लेकर सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। हालांकि दिचाऊं कलां वार्ड की पार्षद नीलम कृष्ण पहलवान ने कहा कि पूर्व विधायक भरतसिंह ने नजफगढ़ वासियों के लिए मेट्रो की मांग को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन किया था। नजफगढ़-द्वारका कॉरिडोर के परिचालन को शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व जापान के राजदूत केंजी हिरामत्सु ने मेट्रो भवन में इस कॉरिडोर की मेट्रो को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन पर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए जाते यात्री। - फोटो : Bahadurgarh