फोटो: सोनीपत के गांव पुरखास निवासी नेशनल स्कूल गेम्स में पदक विजेता लव व कुश के साथ उनके पिता र
गन्नौर। दिल्ली में 31 अक्तूबर से 5 नवंबर तक आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स में सोनीपत के गांव पुरखास के दो सगे भाइयों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम रोशन किया। बड़े भाई लव गुलिया ने स्वर्ण व छोटे भाई कुश गुलिया ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
नेशनल स्कूल गेम्स में लव और कुश ने अपने-अपने भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। बड़े भाई लव गुलिया ने 92 किलोग्राम भारवर्ग में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, छोटे भाई कुश गुलिया ने 80 किलोग्राम भारवर्ग में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
दोनों भाइयों की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुरखास की धरती पर कुश्ती की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
पिता की अंतरराष्ट्रीय पहचान और गुरु के मार्गदर्शन ने दिखाई राह : दोनों पहलवानों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, दादा बलवान गुलिया, गुरु सुभाष मलिक और कोच अमित साल्वे को दिया। उनका कहना है कि परिवार के निरंतर सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। दोनों के पिता रमेश गुलिया स्वयं अंतरराष्ट्रीय पहलवान और एसीपी हैं। ऐसे में कुश्ती की विरासत और खेल के प्रति समर्पण दोनों भाइयों को बचपन से ही मिला है।