बहादुरगढ़। नया गांव सैनियान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से लेकर बाईपास तक विधायक आदर्श विकास योजना के अंतर्गत गलियों का निर्माण कराया जाएगा। शनिवार को विधायक राजेंद्र सिंह जून ने गली निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। गलियों के निर्माण पर लगभग साढ़े 16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
विधायक राजेंद्र सिंह जून ने शनिवार को 16 लाख 30 हजार की लागत से स्कूल से बाईपास तक बनने वाली गली निर्माण कार्य का सरपंच रोहतास सैनी व ग्रामीणों की मौजूदगी में शुभारंभ किया। जून ने गली का निर्माण करने वाले ठेकेदार को कहा कि गली के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरी तरह से पालन किया जाए। निर्माण कार्य टेंडर के तय मानकों अनुसार होना चाहिए ताकि लंबे समय तक इस गली से ग्रामीणोंं को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलती रहे। उन्होंने मौके पर सरपंच रोहतास सैनी व ग्रामीणों से भी आग्रह किया कि वे भी इस गली के निर्माण कार्य पर अपनी नजर बनाए रखें अगर निर्माण कार्य में गुणवत्ता या अन्य किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही नजर आए तो इसकी सूचना जरूर दें। ताकि गली निर्माण कार्य को टेंडर के तय मानकों अनुसार पूरा कराया जा सके। इस मौके पर पूर्व सरपंच दर्शन सैनी, करतार सैनी, पूर्व सरपंच करतार सिंह, सुल्तान सैनी, जगपाल सैनी, महाबीर सैनी, श्रीकृष्ण सैनी, राजपाल सैनी, दीपक सैनी, संजय सैनी, राजेंद्र बोड़ा, ईश्वर सैनी, रामफल सैनी, राज, कंवर भान मौजूद रहे।