बहादुरगढ़। 13 साल से अपराध की दुनिया में नूना माजरा का बदमाश कुनाल आखिरकार एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। उसे कजाकिस्तान पुलिस ने अल्माटी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नवंबर 2024 में गिरफ्तार किया था। जबकि इसी वर्ष सितंबर माह में उसके खिलाफ रोहतक में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। कुनाल जून के खिलाफ रोहतक और झज्जर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और फिरौती मांगने जैसे 15 मामले दर्ज है। कुनाल के खिलाफ हत्या का पहला मुकदमा बहादुरगढ़ के सदर थाना में दिसंबर 2012 में दर्ज हुआ था। उस पर रोहतक में गैंगस्टर सुमित प्लोटरा के भाई समेत तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने का भी आरोप है। कई मुकदमों में वह फरार चल रहा था। उसे एक मुकदमे में गिरफ्तार भी किया गया था। उसे जमानत मिल गई थी। वह फर्जी पासपोर्ट के आधार पर विदेश भाग गया था। जिसे अब भारत सरकार के अनुरोध पर कजाकिस्तान से डिपोर्ट करवाया गया है। फिलहाल उसे कोर्ट ने 6 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा है। पुलिस उससे गहन पूछताछ में जुटी हुई है।
सितंबर 2024 में एसटीएफ हरियाणा को सूचना मिली कि कुनाल जून दुबई (यूएई) में है। सूचना पर, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय शुरू किया गया। पता चला कि वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से भागा था। इस संबंध में थाना सदर बहादुरगढ़ में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस को पता चला कि वह गिरफ्तारी के डर से दुबई से अजरबैजान और फिर कजाकिस्तान भाग गया है। अक्टूबर 2024 में एसटीएफ हरियाणा के अनुरोध पर इंटरपोल नई दिल्ली ने कुनाल जून के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। कजाकिस्तान प्राधिकरण को इंटरपोल चैनलों के माध्यम से अस्थायी गिरफ्तारी के लिए अनुरोध भेजा गया। नवंबर 2024 में कुनाल जून को कजाकिस्तान के अल्माटी हवाई अड्डे से उस समय पकड़ा गया जब वह मोल्डोवा होते हुए यूक्रेन भागने की फिराक में था। रविवार की सुबह करीब 3 बजे दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर एसटीएफ हरियाणा ने डीएसपी नरेश कुमार, निरीक्षक राकेश और पीएसआई मनोज की टीम ने उसे दबोचा।
आरोपी कुनाल के खिलाफ अलग अलग थानों में दर्ज है ये मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी कुनाल जून निवासी गांव नूना माजरा, जिला झज्जर के खिलाफ पहला मुकदमा वर्ष 12 दिसंबर 2012 में हत्या का सदर थाना बहादुरगढ़ में दर्ज हुआ। इसके बाद कुनाल लगातार अपराध की दुनिया में चलता गया और वर्ष 2024 तक उसके खिलाफ 15 मामले दर्ज हो गए। इनमें 4 केस बहादुरगढ़ सदर थाना में एक हत्या और तीन धमकी देने के दर्ज है तो 3 मामले बहादुरगढ़ थाना शहर में धमकी देने और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है। वहीं 3 केस बहादुरगढ़ के लाइनपार थाना में धमकी देने और आर्म्स एक्ट, 3 मुकदमे झज्जर थाना में कोर्ट की अवमानना करने और शस्त्र अधिनियम के दर्ज है। इनके अलावा कुनाल के खिलाफ बहादुरगढ़ के सेक्टर 6 में एक मुकदमा धमकी देने, एक केस रोहतक में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है। आरोपी के खिलाफ 20 सितंबर 2024 को रोहतक में जैसे ही मामला दर्ज हुआ तो वह विदेश में भाग गया। रविवार को उसे दिल्ली एयरपोर्ट से काबू किया गया।
-फोटो 58 : पत्रकार वार्ता में जानकारी देते एसटीएफ एसपी वसीम अकरम। संवाद
-