बहादुरगढ़। थाना शहर क्षेत्र के तहत आने वाले बादली रोड पर बने पार्क में कुछ देर बैठने के बाद अपने घर जा रहे दो युवकों पर नशेड़ी युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया। युवक की गंभीर हालत को देखते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में राहुल निवासी देवी कॉलोनी ने बताया कि वह कैर डिपो में अस्थायी रूप से टायरमैन का कार्य करता है। शुक्रवार रात में वह अपने साथी तरुण रात्रि 8 बजे बादली रोड पर बने पार्क में बैठा था। जब वह पार्क से घर जाने लगा तो चार-पांच नशेड़ी युवकों ने उनको रोक लिया और लूटपाट करने लगे। राहुल के अनुसार उक्त युवकों ने उसकी जेब से 300 रुपये निकाल लिए। जब उसने इसका विरोध किया तो उनमें से एक युवक ने उसके पेट में चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथी को भी उन्होंने चाकू मारने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंचे और उक्त युवक वहां से फरार हो गए। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे रोहतक के पीजीआई रोहतक में रेफर कर दिया। थाना शहर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।