बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे के मांडोठी टोल प्लाजा के पास कल किसानों की जनसभा होगी। इसमें सभा में हरियाणा का अलग हाई कोर्ट बनाने, हिंदू विवाह अधिनियम में संशोधन कर समगौत्र विवाह पर रोक लगाने, किसानों को जमीन अधिग्रहण पर बाजार रेट से चार गुणा अधिक मुआवजा देने समेत कई मुद्दों चर्चा होगी। इसे किसान संसद का नाम दिया गया है।
इसके आयोजक किसान नेता रमेश दलाल ने शुक्रवार को शहर के पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। रमेश दलाल ने कहा कि किसान अपने हकों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। केएमपी के मांडोठी टोल प्लाजा के पास 156 दिन से धरना जारी है। रविवार 11 जून को धरनास्थल पर जनता संसद का आयोजन किया जा रहा है। किसानों को जमीन अधिग्रहण पर बाजार रेट से चार गुणा अधिक मुआवजा मिलना चाहिए। सड़क और रेल मार्ग के दोनों तरफ दो किलोमीटर तक जमीन अधिग्रहण किए जाने के नए कानून में संशोधन की मांग उठाई जाएंगी। हरियाणा का अलग से हाइकोर्ट होना चाहिए। हालांकि वर्ष 2002, 2005 और फिर 2017 में विधानसभा के दौरान अलग से हाइकोर्ट बनाने का प्रस्ताव पास हुआ है। उक्त समय के तीनों सीएम ने प्रयास किए, लेकिन बात नहीं बनी। अब इसको जनता का मुद्दा बनाएंगे। उनके साथ पप्पू दलाल, सुखचैन कादयान, गठवाला खाप से अशोक मलिक व राकेश नंबरदार भी मौजूद रहे।