बेरी। मंगलवार को शहर चौकी से 10 मीटर की दूर बिना अनुमति अपहरण का सीन सूट करने वाले 7 युवकों को पुलिस ने काबू किया है। युवकों को बुधवार को डीसीपी के सामने पेश किया गया, जहां युवकों के खिलाफ लोक शांति भंग करने के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी जब्त कर दिया है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे आपस में दोस्त है और यूट्यूब पर सब्सक्राइबर बढ़ाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने गाड़ी को भी इंपाउंड कर दिया है। ड्राइवर सीट पर बैठे युवक ने अपना नाम साहिल निवासी दुबलधन बताया। साथ में बैठे बाकी लड़कों ने अपना नाम अमन, हरिओम, साहिल निवासी दुबलधन, रविंद्र निवासी पलड़ा और कुनाल निवासी मांगावास बताया।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे गौशाला मार्ग की तरफ से एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियों गाड़ी बीकानेर चौक के पास रुकी थी। इसमें चार नकाबपोश युवक उतरे और एक युवक को अंदर डाल लियाए युवक ने मदद के लिए शोर भी मचाया, लेकिन कोई नही आया था। बाद में पुलिस को किसी राहगीर ने युवक के अपहरणकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलने के बाद एसीपी अनिल कुमार, बेरी थाना प्रभारी अमित कुमार व सीआईए की दो टीमें मौके पर पहुंची और घटनाक्रम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस की टीमें अपहरण करने वालों को खोजने के लिए दौड़ती रही। यह घटना कस्बे में दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।
दुबलधन मार्ग से देर रात सभी युवकों व गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में लिया।
काॅलेज में पढ़ते हैं युवक
सीन सूट करने वाले सभी नौजवान है और कॉलेज की पढ़ाई करते हैं। एसीपी अनिल कुमार ने बताया कि इस तरह की किसी भी प्रकार की वीडियो या अन्य कोई एक्टिविटी करने से पहले परमिशन लेना अनिवार्य है। वरना भविष्य में अगर किसी ने भी इस तरह की कोई कार्यवाही की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वर्जन
मंगलवार दोपहर को बीकानेर चौक से युवक के अपहरण के मामले का खुलासा हो गया है। युवकों ने अपहरण का सीन सूट करने के लिए ऐसा किया था। पुलिस ने स्कॉर्पियों गाड़ी बरामद कर ली है और 7 युवकों को में गिरफ्तार किया है। युवकों के खिलाफ लोक शांति भंग करने की कार्रवाई की है।
अशोक कुमार, जांच अधिकारी, शहर चौकी बेरी।