झज्जर। जिला अस्पताल की लिफ्ट तीन महीने से खराब है, जिस कारण मरीजों को परेशानी हो रही है। अस्पताल प्रशासन की तरफ से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
सिविल अस्पताल में लिफ्ट के बाहर नॉट वर्किंग का नोटिस लगा रखा है। लिफ्ट खराब होने की वजह से मरीजों को पहली और दूसरी मंजिल पर आने-जाने में परेशानी होती हैं। खासकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्ग मरीजों को यहां दिक्कतें आ रही हैं। अस्पताल में उपचार के लिए पहुंची झज्जर निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला लीलावती ने बताया कि वह चार सप्ताह से हर सप्ताह इलाज के लिए अस्पताल आ रही है। तभी से ही लिफ्ट खराब है। लिफ्ट काम नहीं करने की वजह से पहली, दूसरी मंजिल पर जाने-आने में परेशानी होती है। अस्पताल प्रशासन को इसकी तरफ ध्यान देना चाहिए।
कई ओपीडी ऊपरी मंजिलों पर, जनता होती है परेशान
सिविल अस्पताल में कई ओपीडी पहली, दूसरी या तीसरी मंजिल पर होती है। नेत्र ओपीडी, दंत ओपीडी, एचआईवी जांच, लैब के कुछ टेस्ट, मनोचिकित्सक स्क्रीनिंग, डीआईसी कार्यालय ऊपरी मंजिलों पर हैं। यहां तक पहुंचने में ही कई बार मरीजों की सांस फूल जाती है, लेकिन सिविल अस्पताल प्रशासन लिफ्ट ठीक कराने में गंभीर नहीं है। इस कारण आम जनता को परेशानी होती है।
वर्जन
लिफ्ट को ठीक करवाने के लिए खर्च का आकलन कर विभाग के पास भेज रखा है। चुनाव आचार संहिता होने के कारण अभी लिफ्ट ठीक होने में समय लगेगा।
-मृदुला कौशिक, जिला बायोमेडिकल इंजीनियर, स्वास्थ्य विभाग, झज्जर