बहादुरगढ़। 27वें हरियाणा राज्य खेलों की वाटरपोलो स्पर्धा में करनाल की टीम ने पुरुष और महिला वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया है। पुरुष वर्ग में करनाल के लड़कों ने सोनीपत को 5-2 के अंतर से हराया। वहीं महिला वर्ग में करनाल की लड़कियों ने जींद को 6-1 के अंतर से पराजित कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में सोनीपत को सिल्वर मेडल मिला। पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में जींद ने सिरसा को हराकर कांस्य पदक प्राप्त किया।
कांटे के इस मुकाबले में फैसला आखिरी क्षणों में हुआ, जींद ने 5-4 के अंतर से मैच जीता। वहीं महिला वर्ग में दूसरा स्थान जींद को मिला। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में शाह सतनाम एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी ने एकतरफा मैच में हिसार की टीम को 8-0 के भारी अंतर से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने विजेता टीमों को मेडल देकर सम्मानित किया। खत्री ने बताया कि 27वें हरियाणा राज्य खेलों के तहत बहादुरगढ़ की चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी में तैराकी, ट्रायथलॉन और वाटरपोलो के मैच खेले गए हैं।
प्रदेश भर के साढ़े 500 से ज्यादा एथलीटों ने इन खेलों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उम्दा प्रदर्शन भी किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन का प्रयास है कि सभी खेलों में हरियाणा के बेहतरीन एथलीट तैयार हो, इसके लिए बेहतर प्रतियोगी माहौल और खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। भाजपा सांसद धर्मबीर के बेटे और युवा भाजपा नेता मोहित ने भी वाटरपोलो मैच के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
इस मौके पर संग्राम मेडल विजेता वार वेटर्न महेंद्र पहलवान, हरियाणा तैराकी संघ के सह सचिव सुरेश जून, सुनील खत्री, बलवान कादयान, हनुमान खत्री, दिनेश खत्री, तैराकी कोच साई जाधव, पदमपाल, गूगन कोच, राम ढुल, अनिल शर्मा, धनराज, मुकेश, प्रेम, विनोद और विकास मौजूद रहे।