झज्जर। हरियाणा और केरल के बीच खेले गए वीनू मांकड़ ट्रॉफी के मैच में केरल ने 17 रनों से जीत दर्ज की। जिले के बेरी निवासी सम्मी कादयान ने मैच में कप्तानी करते हुए 22 रन बनाए और कुलाना निवासी कनिष्क चौहान ने तीन विकेट हासिल कर 37 रन बनाए। वहीं, बहादुरगढ़ निवासी गौरिश दहिया का इस मैच में निराशाजनक प्रदर्शन रहा।
पुडुचेरी की सीएपी क्रिकेट ग्राउंड-4 में हरियाणा और केरल की टीम के बीच वीनू मांकड़ ट्राॅफी का मैच खेला गया। इस दौरान बारिश के कारण मैच देरी से शुरू किया गया। बारिश रुकने व ग्राउंड सूखने के बाद 20-20 का मैच निर्धारित किया गया। हरियाणा की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए केरल की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 140 रन बनाए। इस दौरान बल्लेबाजी में माधव कृष्णा ने 29 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में कनिष्क चौहान और आरव गुप्ता ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम 19.4 ओवरों में 123 रनों पर ऑल आउट हो गई।
इस दौरान बल्लेबाजी में कनिष्क चौहान ने 37 रन व सम्मी कादयान ने 22 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में थॉमस मैथ्यू ने चार विकेट हासिल किए। हरियाणा की टीम लीग चरण में पांच में से चार मैच हारकर नाॅकआउट चरण की दौड़ से बाहर हो गई।