अनाज मंडी में कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। ये सरकार कृतघ्न है, जिस किसान से वोट लेकर सरकार बनी, उसकी कुर्बानी का मजाक उड़ा रही है। किसानों को सरकार की जुबान पर यकीन नहीं, बार-बार झूठे वायदे करने से किसानों का सरकार से भरोसा उठ चुका है। इसलिए वो एमएसपी की कानूनी गारंटी मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन को 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान राज्य सरकार ने किसानों के साथ जो बर्ताव किया है, वो पाप के समान है। यह बात राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शनिवार को अनाज मंडी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में करीब 300 किसानों की जान की कुर्बानी की जिम्मेदार सरकार के पाप में जेजेपी और निर्दलीय विधायक भागीदार न बनेें। विधायक अपनी कुर्सी बचाने के लिए किसान विरोधी हरियाणा सरकार को वोट देंगे तो आने वाले समय में किसान और प्रदेश की जनता उनको नकारने का काम करेगी। उन्होंने अपील की है कि जेजेपी और निर्दलीय विधायक अपने भविष्य को देखते हुए अंतर्रात्मा की आवाज पर विश्वास करते हुए अविश्वास प्रस्ताव में सरकार के खिलाफ वोट करें।
चांद पहलवान से जेजेपी छोड़ थामा कांग्रेस का हाथ
इस दौरान झज्जर अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान चांद पहलवान ने शनिवार को अपने अनेकों साथियों के साथ जेजेपी छोड़ी। उन्होंने सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी में चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में आस्था जताते हुए कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक गीता भुक्कल, विधायक कुलदीप वत्स मौजूद रहे।
75 फीसदी आरक्षण एक जुमला
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों की तरह प्रदेश के लोग निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत हरियाणवी को आरक्षण देने के कानून को भी एक धोखा मान रहे हैं। निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत आरक्षण एक सरकारी जुमला और बेरोजगारों के साथ धोखा है। हरियाणा के नौजवान इसे ‘धोखा कानून’ के नाम से पुकारने लगे हैं। 75 प्रतिशत आरक्षण में छूट का अधिकार उद्योग विभाग के अधिकारियों को दिया है, इससे भ्रष्टाचार का नया खेल शुरू हो जाएगा।
शहीद विक्रांत को दी श्रद्धांजलि
उन्होंने गांव भदानी में पुलवामा हमले की जवाबी कार्रवाई में शहीद सैनिक विक्रांत सहरावत को श्रद्धांजलि दी और जीनियस मॉर्डन गुरुकुल की आधारशिला भी रखी।