संवाद न्यूज़ एजेंसी
बादली। चंडीगढ़ में हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में झज्जर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। इस उपलब्धि से जिले के स्काउट्स एवं गाइड्स से जुड़े विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों में खुशी की लहर है।
जिला संगठन आयुक्त डॉ. राजेंद्र ने बताया कि समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मुख्य आयुक्त (स्काउट) रतिंद्र सिंह तथा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक को स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों के सफल संचालन, प्रभावी नेतृत्व और उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने सम्मानित किया।
जिले के पांच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। झज्जर ओपन ग्रुप के जयंत को सर्वश्रेष्ठ रोवर, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दादरी तोए के रोहित को सर्वश्रेष्ठ स्काउट, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातनहेल की कोमल को सर्वश्रेष्ठ गाइड तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढराना की भव्या को सर्वश्रेष्ठ बुलबुल का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अलावा जिला संगठन आयुक्त (गाइड) मैना मंती को उत्कृष्ट योगदान के लिए योग्यता पदक से सम्मानित किया गया। जिला संगठन आयुक्त डॉ. राजेंद्र को भी संगठन के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।