नया बस स्टैंड शहर से बाहर बनने के कारण कुछ दिन तक लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी। हरियाणा रोडवेज ने लोगों की परेशानी को देखते हुए उस पर मरहम लगाया है। विभाग ने हरियाणा रोडवेज की दो बस लोगों को नए बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड तक तथा पुराने बस स्टैंड से नए बस स्टैंड तक ले जाने के लिए लगाई गई हैं। खास बात यह है कि अगले 10 दिन तक इन बसों में सफर करने वाले यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
शनिवार से इन बसों ने नए बस स्टैंड और पुराने बस स्टैंड के बीच दौड़ना शुरू भी कर दिया है। बता दें कि पुराना बस स्टैंड शहर के बीच बना हुआ है, जिसके कारण जाम की समस्या अक्सर पैदा हो जाती थी। जिससे शहरवासियों को दो चार होना पड़ता था। लेकिन शहर के बीच में बस स्टैंड तक लोग पैदल भी आ जाया करते थे। वहीं अब बस स्टैंड शहर से लगभग 3 किलोमीटर दूर बना दिया गया है। जिसका शुक्रवार को सीएम ने उद्घाटन किया। जहां तक पहुंचने में लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर अगर वहां तक जाने के लिए ऑटो का सहारा लिया जाए तो आने-जाने में 20 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। शुरुआत में लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए हरियाणा रोडवेज के अधिकारियों ने 10 दिन तक लोगों को यह सफर फ्री में कराने का फैसला लिया है। पुराने बस स्टैंड से पहली बस सुबह 6 बजे रवाना होगी। दोनों ओर से 10-10 मिनट की सर्विस रखी गई है।
अब भी पुराने बस स्टैंड पहुंच रहे लोग
बाहर से आने वाले काफी लोग ऐसे हैं जिन्हें शहर के नए बस स्टैंड का पता नहीं है। शनिवार को भी पूरा दिन लोग बसों के लिए पुराने बस स्टैंड पर पहुंचते रहे। यहां पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा जब उन्हें बताया जाता तो फिर वे नए बस स्टैंड की ओर रवाना होते।
ई रिक्शा चालकों की हुई चांदी
बस स्टैंड शहर से दूर जाने के कारण ई-रिक्शा चालकों की चांदी हो गई है। रिक्शा चालक दिन भर सवारियों को यहां से वहां ले जाने में व्यस्त रहे। लोगों की जहां इसके कारण जेब ढीली हुई, वहीं रिक्शा चालकों को भारी मुनाफा हुआ।
यूनियनों के कार्यालय भी होने लगे खाली
बस स्टैंड स्थानांतरित होते ही कर्मचारी यूनियनों के कार्यालय भी खाली होने लगे हैं। कर्मचारी यूनियन कार्यालयों के सामान को उठाकर नए बस स्टैंड के नए दफ्तरों में ले जाने लगे हैं।