हरियाणा के झज्जर जिले की चारों विधानसभाओं की भाजपा की कामकाजी बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में संपन्न हुई। इसमें मुख्य वक्ता के तौर पर राई से विधायक व प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली ने शिरकत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अलग मुद्दे थे, विधानसभा चुनाव में अलग परिस्थितियां रहेंगी। बताया कि प्रदेश व देश में जन कल्याणकारी योजनाएं सही तरीके से धरातल पर लागू नहीं हुई। अब सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद भूलकर पार्टी के लिए दिन-रात एक करके कार्य करें।
उन्होंने कहा कि 23 जून को रोहतक पार्टी कार्यालय में हरियाणा प्रदेश से चुनाव जीतकर केंद्र में मंत्री बने मनोहर लाल, राव इंद्रजीत, कृष्ण पाल गुर्जर, सांसद धर्मवीर, सांसद नवीन जिंदल, हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी सांसद बिप्लब देव, राजस्थान से हरियाणा लोकसभा प्रभारी रहे सतीश पूनिया, सह प्रभारी रहे नागर तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में पहुंचने के लिए निमंत्रण दिया।
23 को मनेगा श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस
बड़ौली ने कहा कि 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, 25 जून को इमरजेंसी के विरोध में काला दिवस मनाने तथा 30 तारीख को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम सुनने, 23 जून से 7 जुलाई तक पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई। भाजपा के जिला अध्यक्ष राज्यपाल जांगड़ा ने कार्यकर्ताओं को पार्टी और अधिकारियों द्वारा काम करके मान सम्मान दिलाने के लिए कहा। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी समस्याएं तथा विचार प्रकट किए।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष कप्तान बिरधाना, नगर परिषद अध्यक्ष जिले सिंह सैनी, पूर्व मंत्री कांता देवी, पूर्व अध्यक्ष सुनीता चौहान, जिला महामंत्री रामफल एडवोकेट, जिला महामंत्री रतन सागर, महिला जिला अध्यक्ष सोमवती जांगड़ा, विक्रम कादियन, मनीष बंसल पूर्व पार्षद, सतवीर सिंह एडवोकेट, केशव सिंगल, प्रमोद बंसल, , नीलम अहलावत, अमित अहलावत, सीमा दहिया, सतीश मौजूद रहे।