भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती के पावन पर्व पर जिला उपायुक्त अनीता यादव ने उपमंडल के गांव बाढ़सा में जिला स्तरीय ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उपायुक्त ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों को सामाजिक समरसता की शपथ भी दिलाई।
इस मौके पर उपायुक्त यादव ने कहा कि पंचायतीराज दिवस 24 अप्रैल तक सभी गांवों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभा की बैठक में गांव के विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी। सामाजिक सौहार्द व भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्राम सभा की बैठकों में सरकार द्वारा चलाई योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
--जागरूकता पर हो फोकस
उपायुक्त ने कहा कि बाबा साहेब का विचार था कि असली भारत गांवों में बसता है, गांव के विकास से ही समुचित भारत का विकास होगा। बाबा साहेब के सपनों को साकार करने के लिए सरकार ने उनके जयंती पर्व से ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम शुरू किया है। यह पंचायतीराज दिवस 24 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत गांव के विकास से संबंधित विभाग अपनी-अपनी योजना तैयार करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, मनरेगा सोशल आडिट, प्रधानमंत्री जनधन योजना, मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
-तीन चरणों में होगा कार्यक्रम
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तीन चरणों में बांटा गया है। 14 से 16 अप्रैल तक सामाजिक सौहार्द और समरसता को बढ़ावा दिया जाएगा। इनसे संबंधित कार्यक्रम विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जाएंगे। 17 से 20 अप्रैल तक ग्राम किसान सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन सभाओं में कृषि विभाग द्वारा खेती से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। 21 से 24 अप्रैल तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में गांव के लोगों की विकास में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम का समापन 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जमशेदपुर में भाषण के साथ होगा। पीएम मोदी का भाषण सभी ग्राम सभाओं में सुना जाएगा।
-50 लाख में बनेगा सामुदायिक भवन
उपायुक्त ने बाढ़सा गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। प्रस्तावित भवन पर लगभग 50 लाख रुपये की लागत आएगी। सामुदायिक भवन बनने से ग्रामीणों को सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याओं का भी निदान किया। इस अवसर पर एसडीएम प्रदीप कौशिक, तहसीलदार मातूराम नेहरा, बीडीपीओ रामफल, कई गांवों के गणमान्य लोगों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।