झज्जर के हिमांशु ने तोड़ा नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड
- फोटो : संवाद
ओडिशा के भुवनेश्वर में कलिंगा स्टेडियम में चल रही 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के तीसरे दिन एथलेटिक्स हरियाणा के खिलाड़ियों ने सभी रंगों के पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय चैंपियनशिप में 10 से 14 अक्तूबर तक देश भर से करीब 2000 एथलीट भाग ले रहे हैं। हरियाणा से 145 एथलीटों का दल मैदान में उतरा है, जो पदकों का अंबार लगा रहा है।
नीरज चोपड़ा का 11 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
झज्जर के 18 वर्षीय हिमांशु जाखड़ ने अंडर-18 लड़कों के जेवलिन थ्रो इवेंट में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा का 11 साल पुराना चैंपियनशिप रिकॉर्ड तोड़ दिया। हिमांशु ने 80.38 मीटर की शानदार थ्रो के साथ नया मीट रिकॉर्ड स्थापित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हिमांशु एच डी स्कूल साल्हावास के पूर्व छात्र हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड 76.50 मीटर का था, जो नीरज चोपड़ा ने 2014 में विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में बनाया था। इस इवेंट में रजत पदक मध्य प्रदेश के कृष्ण चंद्रा को और कांस्य पदक तमिलनाडु के धरनीधरन टी को मिला। हिमांशु की यह थ्रो वर्ल्ड अंडर-20 मानकों (68.50 मीटर) से भी कहीं आगे है, जिससे वे 2026 वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप के लिए मजबूत दावेदार बन गए हैं।