बाल दिवस के मौके पर बादली के टीआरएच स्कूल परिसर में सोमवार को समारोह मनाया जा रहा था। समारोह में नन्हे बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे थे, इसी दौरान गुड़गांव से रोहतक जा रहे कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ का काफिला एकाएक स्कूल प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचा। कृषि मंत्री धनखड़ अपनी गाड़ी से उतरकर सीधे बच्चों के बीच पहुंचे और बाल दिवस मनाने में लगे बच्चों के संग देश व प्रदेश की उन्नति में किस प्रकार सरकार आगे बढ़े, ऐसे विचार सुने।
मंत्री को अपने बीच पाकर स्कूली बच्चे उत्साहित दिखे और मंत्री के समक्ष अपने निजी विचारों के साथ बच्चों ने बेबाक राय रखी। उन्होंने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री धनखड़ ने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि बच्चों के सपने को साकार करने के लिए सरकार प्रयासरत है और बेहतर लिंगानुपात के साथ महिला सशक्तिकरण व सामाजिक न्याय प्रणाली के तहत प्रदेश व देश का विकास कराने की सोच को सरकार सार्थक कर रही है। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ देश के बच्चों को आगे बढने के स्वर्णिम अवसर मिले इसके लिए सरकार पूर्ण रूप से सजग है। कृषि मंत्री धनखड़ ने बच्चों से सीधा संवाद करते हुए उनके विचार जाने और विचारों को सुनने उपरांत बताया कि बच्चों के मन में देश हित को लेकर पूरी रुचि है और हर बच्चे ने देश के उत्थान में आमजन के साथ ही सरकार द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों पर बेबाक राय रखी। उन्होंने बेटियों से हुई बातचीत में उनके विचारानुसार समान शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सुदृढ़ प्रशासन व्यवस्था, सबके घर में समृद्धि हो, समानता के साथ हर जन को सुविधाएं मिले और भ्रष्टाचार मुक्त देश बने इसके लिए सरकार की ओर से सकारात्मक कदम उठाने की बात कही।