नशे के खिलाफ शहर की काफी महिलाएं रविवार को सड़क पर उतर आईं। यूथ वीरांगनाएं संगठन के बैनर तले महिलाओं एवं युवतियों ने जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को नशा छोडने व इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन एसके जैन ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने अपने वक्तव्य में नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशे के प्रति बढ़ता रुझान भविष्य के लिए खतरे की घंटी है। स्वस्थ समाज की संरचना के लिए नशा मुक्त समाज जरूरी है और इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। यूथ वीरांगनाएं संस्था की पहल सराहनीय है। नशे के खिलाफ रैली से पहले बीए की छात्रा गरीमा दलाल ने नशे की दुष्परिणामों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि नशे के कारण ना केवल आर्थिक हानि होती है बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा की भी हानि होती है। नशा करने वाले के परिजनों को भी अनेक तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
नशा विरोधी रैली मेन बाजार के कमेटी चौक से शुरू होकर सुभाष चौक, गांधी चौक, झज्जर रोड, रोहतक रोड, रेलवे रोड, नाहरा-नाहरी रोड और बस स्टैंड से होते हुए शिव चौक पर संपन्न हुई। रैली में यूथ वीरांगनाएं संस्था के बैनर तले शिक्षा, ललिता, बबीता, गरीमा दलाल, सरोज, गायत्री, शकुंतला, मूर्ति, सुनहरी, कमला और रोशनी आदि महिलाओं व युवतियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने शहर की सड़कों पर नशे के खिलाफ जमकर नारे लगाए और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। नशे के खिलाफ इस मुहिम में समाजसेवी राधेश्याम गुप्ता, विजय खुराना, दारा सिंह, लवली नागपाल व प्रेम काठपालिया आदि ने भी अपना सहयोग दिया।