प्रदेश का तीसरा सैनिक स्कूल झज्जर के मातनहेल गांव में खुलेगा। बहादुरगढ़ के बाद जय जवान आवास योजना के तहत करनाल में अब दूसरी आवासीय कॉलोनी बनेगी। यह घोषणा शुक्रवार को सीएम मनोहर लाल खट्टर ने बहादुरगढ़ में राजीव विहार जय जवान आवासीय योजना के भूमि पूजन के बाद भूतपूर्व सैनिक सभा को संबोधित करते हुए की। सीएम ने कहा शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि को बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। सीएम ने भूमि पूजन के बाद सैन्य प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। सीएम ने पूर्व सैनिकों को तोहफा देते हुए कहा कि पुलिस में तीन हजार पद पूर्व सैनिकों से भरे जाएंगे। हालांकि एक हजार पदों पर पहले ही भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए पूर्व सैनिकों की स्कूल स्तर पर एक कमेटी बनाने की योजना है। राज्य के 2.82 लाख पूर्व सैनिकों के अनुभव का उपयोग सरकार करेगी। सीएम ने कहा कि केंद्र ने वन रैंक वन पेंशन देने का वादा पूरा किया है, जरूरत हुई तो इसमें सुधार भी होगा।
उन्होंने कहा कि सेना ने प्रदेश में सैनिक व पूर्व सैनिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षा संस्थान खोलने की बात कही है। सरकार इसके लिए एनसीआर में सेना को जमीन देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान शहीद होने वाले वीर शहीदों के आश्रितों को 50 लाख रुपये और योग्यतानुसार नौकरी देने का प्रावधान किया है। वहीं अवॉर्डी सैन्यकर्मियों के अनुदान में अभूतपूर्व बढ़ोतरी भी की गई है।
आर्मी चीफ ने सरकार का किया धन्यवाद
मनोहर लाल ने कहा कि बहादुरगढ़ में राजीव विहार जय जवान आवास योजना के लिए सेना ने लगभग पांच एकड़ में 400 फ्लैट बनाने की योजना बनाई थी, अब सेना ने पांच सौ फ्लैैट बनाने की मांग रखी है, सरकार ने अब 500 फ्लैट की सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है। थल सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सुहाग ने भूतपूर्व सैनिक से कहा कि जय जवान आवास योजना के लिए सीएम मनोहरलाल का रियायती दर पर जमीन मुहैया करवाने के लिए धन्यवाद किया। जनरल सुहाग ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है और सेना में अपनी वीरता का परिचय देते हुए प्रदेश के जवानों ने सबसे ज्यादा वीरता पुरस्कार हासिल किए हैं। सेना ने झज्जर जिले में मातनहेल में सैनिक स्कूल खोलने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, प्रयास रहेगा कि अगले सत्र से यहां कक्षाएं शुरू हो जाएं।
भूमि पूजन समारोह में प्रदेश के वित्त एवं उद्योग मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, विधायक नरेश कौशिक, लेफ्टिनेंट जनरल के.जे सिंह, सेनाध्यक्ष जनरल सुहाग के पिता सेवानिवृत्त सूबेदार रामफल सुहाग, रिटा. ले.जनरल राज कादियान, ब्रिगेडियर वीपी सिंह, एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा, एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम मनीषा शर्मा सहित पूर्व सैनिक मौजूद रहे।