किसानों को फसल खराबे का पूरा मुआवजा मिलेगा। प्रदेश के लिए कृषिमंत्री ने फसल बीमा योजना को 300 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह धनराशि केंद्र सरकार द्वारा दी जाएगी। यह योजना इसी सीजन से लागू हो गई है। किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए प्रीमियम की मात्र दो प्रतिशत धनराशि जमा करवानी होगी। यह जानकारी वीरवार को प्रदेश के कृषि, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, पशु एवं मत्स्य पालन मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। पिछले डेढ़ वर्ष के शासनकाल में सरकार ने पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ चुनावी वादों पर अमल करने का काम किया है। कृषि मंत्री आज बादली हलके में दौरे पर आए थे, जहां वह ग्रामीणों से रूबरू हुए। उन्हाेंने कहा कि हर खेत तक सिंचाई व्यवस्था लागू करने के लिए विस्तृत योजना बनाकर कार्य शुरू कर दिया है। गो संरक्षण तथा गो संवर्धन के लिए देश में सबसे उत्तम कानून व नीति बनाकर लागू की है। उनका प्रयास है कि गाय के दूध को एनसीआर की मार्केटिंग उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए वीटा ने प्लांट तैयार किया है।
शिक्षित ग्राम पंचायतों से बदलेगी तस्वीर
कृषि मंत्री ने कहा कि शिक्षित पंचायतें बनने से विकास कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी। शिक्षित ग्राम पंचायत गांवों की तस्वीर व तकदीर बदलने में सहायक सिद्ध होगी। केंद्र व प्रदेश सरकार ने गांवों के विकास के लिए पर्याप्त मात्रा में धन मुहैया करवाया है। शिक्षित ग्राम पंचायत सरकार की नीतियों और धन को कारगार रूप से लागू करने में सक्षम होगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में पहले अंगूठा टेक और अपराधी किस्म के लोगों का दबदबा रहता था, अब ऐसा दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के बदलावों से प्रदेश में बदलाव की बयार बह रही है।
योजनाओं को अपनाने का आह्वान
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार ने लोगों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक लोकहित की योजनाएं बनाई है। योजनाओं को अपनाने से ही इनकी सार्थकता साबित होगी। प्रधानमंत्री जन धन बीमा योजना, प्रधानमंत्री दुर्घटना बीमा योजना, फसल बीमा योजना, पशु धन बीमा योजना लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर रही है। मात्र 12 रुपयों में दो लाख रुपये तक बीमा योजना लाभ आम आदमी की पंहुच में हैं। उन्होंने कहा कि पशु बीमा योजना पशु पालकों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने ग्राम पंचायतों से कहा कि इन योजनाओं का लाभ आमजन तक मार्गदर्शक की भूमिका निभाए।
दादरी तोय में किया ग्राम सचिवालय का औचक निरीक्षण
कृ षि मंत्री ने दादरी तोय के ग्राम सचिवालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सचिव व पटवारी के कार्यालयों को चैक करते हुए उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। धनखड़ ने कहा सरकार की स्पष्ट मंशा है कि लोगों के काम जिला सचिवालय की बजाए ग्रामीण सचिवालय में हों। सरकार ने प्रदेश के सभी गांवों में चरणबद्ध तरीके से ग्राम सचिवालय बनाने की योजना बनाई है। वहीं मंत्री ने सामुदायिक केंद्र की आधारशिला रखी। कृषि मंत्री ने याकुबपुर, दादरी तोय, कुकडौला, बाकनौला, मुनिमपुर, कलोई, सुरहा, जहांगीरपुर, उखलचना(कोट), बोड़िया, पाहसौर, लाडपुर, पेलपा, निमाना, सौंधी व फतेहपुर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, जिप चेयरमैन परमजीत उर्फ सोनू, जिप वाईस चेयरमैन योगेश सिलानी, आनंद सागर व प्रशासन के अधिकारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।