गांव बराही के युवक की ड्रेन में डुबोकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने गांव के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। युवक वीरवार से लापता था। शुक्रवार सुबह उसका शव ड्रेन में मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बराही का सचिन उर्फ भोली (24) गांव में टैंकर से पानी सप्लाई का कार्य करता था। वीरवार की सुबह वह खेतों से पशुओं के लिए चारा लेकर आया था। आरोप है कि बाद में गांव के ही रहने वाले दो युवकों ने उसे फोन करके बुलाया और गाड़ी में बैठाकर उसे मुंगेशपुर ड्रेन की तरफ ले गए। मृतक के ताऊ दयाचंद व परिवार के अन्य लोगों ने बताया कि शाम को घर न पहुंचने पर उसकी तलाश की गई। वहीं पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह शहर के लाइनपार क्षेत्र की तरफ से कुछ युवक बराही की तरफ ड्रेन किनारे घूमने आए थे। उनकी नजर कुछ युवकों पर पड़ी। उन्होंने देखा कि एक युवक को गाड़ी से घसीटकर नीचे उतारकर मारपीट की जा रही है और इसके बाद युवक को ड्रेन में डुबो रहे हैं। घूमने आए युवक घटना का वीडियो बनाने लगे। युवकों को वीडियो बनाते देखा तो आरोपियों ने उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया।
दयाचंद का आरोप है कि सचिन को उसके दोनों साथियों ने ड्रेन में डुबोकर मारा है। वारदात के बारे में जब थाना लाइनपार पुलिस को सूचना मिली तो थाना प्रभारी अशोक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव को ड्रेन से तलाशने का प्रयास शुरू किया। गांव बराही के ही 20-25 युवाओं व अन्य लोगों ने मिलकर ड्रेन में गहरे पानी के बीच सचिन को तलाशने का अभियान शुरू किया। कुछ ही देर बाद ड्रेन में पड़े एक पेड़ की टहनी के नजदीक सचिन का शव मिला। शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचाया गया। सचिन दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। उसके पिता की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है।
ड्रेन में युवक के शव की पहचान बराही के सचिन उर्फ भोली के तौर पर हुई है। परिजनों ने बयान में बताया है कि सचिन को दो युवकों ने ड्रेन में डुबोकर मार दिया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
- अशोक कुमार, एसएचओ, लाइनपार