दूबलधन-बाकरा मार्ग पर स्थित बाबा टूटा हंसाली आश्रम में रविवार की मध्यरात्रि तीन नकाबपोश बदमाशों ने आश्रम के महंत को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने महंत के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और मुंह में कंबल डाल दिया। आश्रम में हुई वारदात की सूचना मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बेरी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद बेरी थाना प्रभारी सुनील कुमार आश्रम में पहुंचे और मुआयना कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया।
पुलिस को दी शिकायत में बाबा टूटा हंसाली आश्रम के महंत सत्यवान उर्फ तारानाथ ने बताया कि वह आश्रम के ही एक कमरे में सो रहा था। रात करीब दो बजे तीन नकाबपोश बदमाश आश्रम में पहुंचे। बदमाशों के हाथों में लाठी-डंडे थे। बदमाशों ने कमरे में सो रहे महंत की आंख खुलते सबसे पहले महंत को बंधक बनाया। उसके पश्चात बदमाश आश्रम के एक कमरे में पहुंचे और कमरे में रखे को सामान बिखेरना शुरू कर दिया। कमरे में रखी 15 हजार रुपये की नकदी व हजारों रुपये की नोटों की माला को लेकर मौके से फरार हो गए। वारदात के कुछ घंटों बाद कड़ी मशक्कत से महंत अपने हाथ-पैर खोलकर आश्रम के साथ बने जलघर में पहुंचा। जलघर में पहुंचने के बाद वहां मौजूद युवक को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद युवक ने मंदिर कमेटी को वारदात के बारे में सूचना दी। लूट की सूचना मिलने के बाद समिति के सदस्य रात को ही आश्रम में पहुंचे। कमेटी के उप प्रधान संदीप ने बताया कि दूबलधन-बाकरा मार्ग पर करीब 25 साल पहले बाबा टूटा हंसाली धाम बनाया गया था।
बाबा टूटा हंसाली आश्रम में महंत को बंधक बनाकर मारपीट व लूट की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद मौका मुआयना किया गया। महंत की शिकायत पर तीन नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
- सुनील, पुलिस थाना प्रभारी, बेरी।