भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां ने मंगलवार को नयागांव चौक के निकट किसानों, युवाओं और छात्रों की भागीदारी के साथ छात्र नेता पृथ्वीपाल सिंह रंधावा (पिरथी) का 42वां शहादत दिवस मनाया गया। भाकियू जिला संगरूर के महासचिव दरबारा सिंह छाजला ने कहा कि 70 के दशक में उभरे पंजाब छात्र आंदोलन के अग्रदूत पृथ्वीपाल सिंह रंधावा ने लगभग एक दशक तक पंजाब छात्र आंदोलन का नेतृत्व किया।
छात्रों ने अपनी सांगठनिक ताकत से संघर्ष के लिए ऐसे कदम उठाए कि पंजाब का जनवादी आंदोलन आज भी आगे बढ़ रहा है। पिरथी के नेतृत्व में न केवल छात्र आंदोलन फला-फूला, बल्कि इसने मजदूर वर्ग को भी लामबंद करने के साथ-साथ अन्य वर्गों के संगठनात्मक संघर्षों का समर्थन करने के लिए भी प्रेरित किया। युवाओं ने पढ़ाई की कम फीस, सस्ते बस पास, सस्ते मेस-कैंटीन की सुविधा, सस्ती दरों पर किताबें छापने और वितरित करने के लिए और छात्रों को शिक्षण संस्थानों में सुलभ बनाने के लिए संघर्ष किया था। पिरथी के नेतृत्व में पीएसयू राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर जनता की आवाज बन गई थी। इसलिए पृथ्वीपाल को गुंडों के हाथों मरवा दिया गया था।
इस मौके पर पंजाब छात्र संघ के नेता जगसीर सिंह ने कहा कि आज भी शिक्षा की स्थिति बहुत खराब है, फीस में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर महाविद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब और पिछड़े वर्ग के अनुसूचित जाति के छात्रों से पीटीए फंड जमा कराने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण पंजाबी विश्वविद्यालय का आर्थिक संकट विकराल हो गया है और सिंडिकेट की बैठक में छात्रों की फीस और फंड बढ़ाने के जो फैसले लिए गए हैं, उनसे इसका समाधान नहीं होगा। बल्कि यह ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र से बाहर कर देगा। उन्होंने पंजाब सरकार से पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला के वित्तीय संकट के तत्काल समाधान के लिए आवश्यक अनुदान जारी करने और विश्वविद्यालय के वित्तीय संकट के स्थायी समाधान के लिए सरकारी सहायता जारी रखने की मांग की।
दिल्ली पहुंचेंगी महिलाएं
महिला संगठन की नेता बछित्तर कौर मोगा ने कहा कि दिल्ली मोर्चा में महिलाओं की संख्या बढ़ाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई के बाद महिलाओं की बड़ी टुकड़ियां पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दिल्ली पहुंचेंगी, इस संघर्ष को जीत की ओर ले जाया जाएगा। गुरमेज सिंह रोहिवाला व मेघ राज रल्ला ने भी सभा को संबोधित किया।