पहलवान सुमित दलाल का अभिनंदन करते एचएल सिटी के निदेशक राकेश जून।
- फोटो : Bahadurgarh
जूनियर विश्व कैडेट कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर लौटे हिंद केसरी सोनू अखाड़ा मांडोठी के पहलवान सुमित दलाल का अखाड़े में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। एचएल सिटी के निदेशक राकेश जून ने पहलवान का फूल माला से स्वागत किया। उन्होंने दो लाख 11 हजार रुपये का ईनाम पहलवान सुमित दलाल और एक लाख 11 हजार का ईनाम कोच को दिया।
सुमित दलाल ने ये उपलब्धि हंगरी के बुडापेस्ट में हुई सब जूनियर विश्व कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में हासिल की है। ग्रीको रोमन में देश के नाम मेडल हासिल किया है। सुमित ने कांस्य पदक के मुकाबले में कजाकिस्तान के पहलवान को आठ-शून्य के अंतर से हराया। सुमित ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने कोच को दिया है और ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने की इच्छा जताई है। राकेश जून ने सुमित को बधाई देते हुए कहा कि एक पहलवान के लिए उसकी फिटनेस बेहद अहम होती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फ्री स्टाइल कुश्ती में तो पहलवान काफी पदक लाते हैं, लेकिन ग्रीको रोमन में काफी कम पदक आते हैं। ऐसे में सुमित ने ग्रीको रोमन कुश्ती में पदक जीतकर देश की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
सुमित दलाल इस अखाड़े में अर्जुन अवॉर्डी पहलवान धर्मेंद्र से ग्रीको रोमन कुश्ती की प्रशिक्षण ले रहा है। कोच धर्मेंद्र ने बताया कि विश्व कैडेट कुश्ती में सुमित ने ग्रीको रोमन के 60 किलो भार वर्ग में खेलते हुए क्रोएशिया, अर्मिनिया, यूक्रेन और कजाकिस्तान के पहलवानों को हराकर मेडल जीता। सुमित अनुशासित पहलवान है। वह एक दिन विश्व चैंपियन भी बनेगा और ओलंपिक में भी देश का नाम रोशन करेगा। इस मौके पर दलाल खाप 84 के प्रधान भूप सिंह, हरियाणा स्वीमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री, हिंद केसरी पहलवान सोनू, कोच सुधीर, कुश्ती लेखक तेजपाल दलाल, पहलवान वीरेंद्र बुल्लड़ और वीरेंद्र पहलवान भी मौजूद रहे।