झज्जर। शहर में लगाई जानी वाली लगभग 900 से अधिक नई एलईडी स्ट्रीट लाइट मिलने में अभी समय लगेगा। इससे पहले शहर के मुख्य मार्गों पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर परिषद ठेकेदार ने शहर के मुख्य मार्गों पर तकनीकी कारणों से बंद पड़ी लगभग 32 स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का काम किया गया है। इससे अब शाम होते ही अंधेरे में डूबने वाली सड़कें फिर से रोशन हो गई है और आसपास के लोगों को काफी राहत मिली है।
शहर में लगभग 8 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइट काॅलोनियों व मुख्य मार्गों पर लगी हुई है। पिछले लगभग एक माह से शहर के मुख्य मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी थी। इसमें मुख्य रूप से रोहतक रोड, सिलानी गेट, बेरी रोड, सब्जी मंडी रोड और रेवाड़ी रोड शामिल था। इसकी शिकायत आसपास के लोग व दुकानदार बार-बार कर रहे थे। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के अधिकारियों ने ठेकेदार को ठीक करने के निर्देश दिए थे। इस पर कार्रवाई करते हुए ठेकेदार के कर्मचारियों ने खराब व बंद पड़ी लगभग 32 स्ट्रीट लाइट को दोबारा चालू कर दिया है।
नई लाइटों का इंतजार बढ़ता जा रहा
शहर में 900 से अधिक नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगनी है। इनको लगाने के लिए आने वाले खर्च को भी कमेटी की तरफ से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन नई स्ट्रीट लाइट की खरीद अब तक नहीं हुई है। इस कारण हर वार्ड में कई ऐसी कालोनियां हैं, जहां स्ट्रीट लाइट की काफी जरूरत है। लेकिन नई खरीद न होने के कारण वहां लाइट नहीं लग पा रही हैं।
बहादुरगढ़ रोड पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट
बहादुरगढ़ रोड पर लाखों रुपये की लागत से लगाई गई फैंसी स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। इन लाइटों को दोबारा शुरू करने का काम भी नहीं किया गया है। फिलहाल यहां पर सड़क निर्माण का काम जारी है। इसके चलते लोगों की समस्या और बढ़ चुकी है, क्योंकि रात में हादसे होने का खतरा बना रहता है।
नई स्ट्रीट लाइट आने में कुछ समय लगेगा। उसकी मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। जहां लाइट खराब है, उसे ठीक कराने का काम किया जा रहा है।
- मनजीत दहिया, एक्सईएन, नगर परिषद, झज्जर