बादली। क्षेत्र में मानसून की बारिश का इंतजार किया जा रहा है। अभी तक एक अच्छी बारिश की कमी खल रही है। मंगलवार को भी आसमान में बादल तो छाए रहे, तेज हवाएं भी चलती रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। किसान भी पूरा दिन बारिश की बाट जोह रहे थे, लेकिन बारिश नहीं होने से निराशा हाथ लगी।
मौसम विभाग ने भी मानसून की बारिश होने की संभावना जताई गई लेकिन बादली और आसपास के क्षेत्र में बारिश न होने से आमजन को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले तीन दिनों से सुबह के समय बादल छा जाते हैं, दिन में हवाओं के चलते बादल छट जाते हैं।
किसान बारिश होने की हर रोज बाट जोह रहे हैं, लेकिन बादल बेरुखी दिखाते रहे। इसके साथ ही दिन में धूप खिलने से उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान करती है। दिनभर लोग पसीने से तरबतर रहे। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा है।