-फोटो 53 : दिल्ली-रोहतक रोड पर लगा जाम। संवाद
बहादुरगढ़। शहर के मार्गों पर अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों की वजह से लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।
खास बात यह है कि दिल्ली-रोहतक रोड समेत कई मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से बनाए गए नो पार्किंग जोन में भी वाहन खड़े रहते हैं। इनकी वजह से सड़कों पर जाम लगा रहता है। ऐसे में वाहन चालक जाम से जूझते रहते हैं।
सबसे ज्यादा बुरा हाल रेलवे रोड, मेन बाजार और दिल्ली-रोहतक रोड का है। रेलवे रोड के मुहाने पर ऑटो, ई-रिक्शा की वजह से जाम की स्थिति बनी रहती है, तो दिल्ली-रोहतक रोड पर नो पार्किंग जोन में खड़ी होने वाली गाड़ियों से सड़क पर जाम रहता है। मेन बाजार संकरा होने और दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण करने की वजह से जाम बना रहता है। मंगलवार की दोपहर दिल्ली-रोहतक रोड पर स्कूलों की छुट्टी के दौरान लंबा जाम लगा रहा। वहीं रेलवे रोड के मुहाने से स्टेशन तक का सफर तय करने में भी जाम की वजह से 20 मिनट का समय लग जाता है। यह सफर केवल दो से तीन मिनट का है। सबसे जयदा समस्या रेलवे रोड के मुंहाने और विश्वकर्मा चौक पर बनती है।
विश्वकर्मा चौक पर 6 तरफ से वाहन पहुंचते हैं। चालक अपने वाहनों को आड़ा-तिरछा करके फंसा देते हैं। ऐसे में जाम की स्थिति बन जाती है। यहां पर यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस भी तैनात नहीं है।
-फोटो 53 : दिल्ली-रोहतक रोड पर लगा जाम। संवाद