बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन (एआईकेकेएमएस) ने 25 अक्तूबर को रोहतक में प्रस्तावित महापंचायत को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को गांव जाखौदा में जनसंपर्क अभियान चलाया।
संगठन के प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी और जिला कमेटी सदस्य रामकिशन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमत करीब 120 डॉलर प्रति बैरल से घटकर लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल रह गई है। इसके बावजूद केंद्र सरकार डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दाम कम नहीं कर रही है।
उनका कहना है कि पहले ही महंगाई से आम लोगों और मेहनतकश वर्ग की कमर टूटी हुई है। सरकार ने पहले अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर ईंधन की कीमतें बढ़ाई थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदलने के बावजूद आम जनता को राहत नहीं दी जा रही है। उन्होंने बताया कि महापंचायत में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी, किसानों व मजदूरों की कर्जमाफी, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, अमेरिका के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से दूर रहने, बुढ़ापा पेंशन बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने और खराब हुई फसलों का 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
इसके अलावा कृषि बीमा क्षेत्र से निजी कंपनियों को बाहर करने, किसानों और ग्रामीण गरीबों के शिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा मनरेगा के तहत साल में आठ महीने काम और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग भी महापंचायत में उठाई जाएगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान गांव के मंजीत सिंह, नफे सिंह, धर्म सिंह, बाला, कपूर सिंह, सुरेश, जगबीर, जगजीत सिंह, मंजीत दलाल, कर्ण सिंह, अजीत और उकेश सहित अन्य ग्रामीणों ने महापंचायत को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।