औद्योगिक क्षेत्र गणपति धाम की एक रबड़ के आटो पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में उत्पादन शुरू होने से पहले ही आग लग गई। रबड़ का सामान होनेे की वजह से आग की लपटें बढ़ती चली गईं। फैक्ट्री कर्मचारियों व फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मिलकर आग पर जल्द काबू पाया, लेकिन तब तक यहां कई लाख का सामान जल गया। फैक्ट्री की बिल्डिंग को भी काफी नुकसान पहुंचा। आग लगने की वजह शार्ट-सर्किट बताई जा रही है।
उद्यमियों की संस्था बहादुरगढ़ चैंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़े प्रवीन गर्ग की गणपति धाम में फैक्ट्री है। मंगलवार की सुबह 9 बजे मशीनों को चालू करने की तैयारी की जा रही थी कि इसी बीच अचानक फैक्ट्री के एक हिस्से से निकली चिंगारी से आग लग गई। कुछ ही पल में आग ने यहां के काफी बड़े हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। श्रमिकों ने फैक्ट्री के अंदर लगे अग्निशमन यंत्रों व दूसरे साधनों से आग पर कंट्रोल पाना चाहा, लेकिन आग की लपटें तेज होने व अंदर धुआं की धुआं होने के चलते उन्हें दिक्कतें आईं। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद बहादुरगढ़ से फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दो-तीन गाड़ियों की मदद से जल्द आग पर कंट्रोल पाया। पौने घंटे में आग को बुझा दिया गया।
फैक्ट्री मालिक प्रवीन गर्ग का कहना था कि आग शार्ट-सर्किट से लगी है। इसमें सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। काफी हद तक बड़ा नुकसान होने से बच गया।
भवन और कार्यालय को भी नुकसान
रबड़ फैक्ट्री में लगी आग से यहां के भवन के अलावा कार्यालय को भी काफी नुकसान पहुंचा है। मगर गनीमत यह रही कि आग पर जल्दी काबू पा लिया गया अन्यथा आसपास तक के क्षेत्र में भी नुकसान हो सकता था, क्योंकि रबड़ में आग लगने से वह जल्दी फैलती है। तैयार व कच्चा माल काफी हद तक बचा लिया गया। जिस फैक्ट्री में आग लगी उसके आसपास भी अन्य इकाइयां चल रही हैं। आग की सूचना पर अन्य फैक्ट्रियों से भी श्रमिक वहां मौजूद रहे। शुरुआती दौर में उन्होंने भी आग पर कंट्रोल पाने के लिए अपने स्तर पर पानी की बौछारें की, लेकिन आग की लपटें बढ़ने के कारण उन्होंनेे अपने हाथ खींच लिए।