05जेएनडी16 : मंडी में सुखने के लिए पड़ा धान।
जुलाना। अनाजमंडी में धान की आवक ने तेजी पकड़ ली है। आने वाले दिनों में धान की आवक और अधिक तेजी से होगी। मंडी में किसान नमी युक्त धान ला रहे हैं। इससे उन्हें धान बेचने में काफी परेशानियों से होकर गुजरना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि मंडी में अपनी फसल को सुखाकर लाएं ताकि मंडी में किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए कोई परेशानी न हो।
मंडी में बाजरे का भाव 1821 रुपये से 2200 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा। मंडी में 311 क्विंटल बाजरा की आवक हुई जबकि अब तक कुल 2827 क्विंटल बाजरा मंडी में पहुंच चुका है। इसमें से 170 क्विंटल अभी तक नहीं बिका।
निजी एजेंसियों द्वारा अब तक 2657 क्विंटल बाजरा खरीदा गया है। कपास का भाव 6300 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा। अब तक कुल 90 क्विंटल कपास मंडी में पहुंच चुकी है।
धान 1509 किस्म का भाव 2500 से 2931 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा। अब तक कुल 20728 क्विंटल धान मंडी में पहुंच चुका है जो पिछले वर्ष की तुलना में 1039 क्विंटल अधिक है। इसमें से 1688 क्विंटल धान बिकने के इंतजार में है जबकि अब तक 14,342 क्विंटल धान की उठान हो चुका है।
मंडी में किसानों के लिए बिजली, पानी और सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंडी में किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आएगी। मंडी में किसानों के लिए कैंटीन की व्यवस्था की गई है जहां पर किसानों को मात्र दस रुपये में भरपेट खाना मिलता है।