झज्जर। एक व्यक्ति को लालच देकर उसके साथ धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रबंधक साइबर सेल झज्जर निरीक्षक अजय मलिक ने बताया कि सतीश निवासी माजरा डी ने शिकायत दी थी कि वह फरुखनगर वेयरहाउस में नौकरी करता है। उसके पास 16 जनवरी को व्हाट्सअप पर दो नंबरों से ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के बारे में मैसेज आया। इसके बाद उसके पास एक लिंक आया, जिसमें उसका रजिस्ट्रेशन करवाया गया और उसको ऑनलाइन 40 प्रतिशत मुनाफा दिखाया गया। उन पैसों को अपने खाते में डलवाने के लिए उन्होंने एडवांस पैसे अपने खाते में डलवाने के लिए कहा। इस पर वह साइबर ठगों की बातों में आ गया। उसने उनके बताए गए अलग-अलग खातों में करीब 17 लाख 50 हजार रुपये डाल दिए। इसके बाद उसे उस ग्रुप से बाहर कर दिया गया। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर सैल झज्जर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को बठिंडा से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मंजीत निवासी भठिंडा के तौर पर की गई। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रबंधक ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद