-फोटो 63 : अधिकारियों की बैठक लेते मार्केट कमेटी चेयरमैन विनोद कौशिक व वाइस चेयरमैन प्रदीप गुप्
- फोटो : संवाद
बहादुरगढ़। फसल खरीद से जुड़ी तैयारियों को लेकर शनिवार को मार्केट कमेटी चेयरमैन विनोद कौशिक और वाइस चेयरमैन प्रदीप गुप्ता (बबलू) ने कार्यालय में अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में आने वाली रबी की मुख्य फसलों गेहूं, सरसों और चना की खरीद से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
चेयरमैन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मंडी में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से गेट पास व्यवस्था को सुचारू रखने, पर्याप्त लाइट की व्यवस्था, साफ-सफाई, पीने के स्वच्छ पानी तथा शौचालयों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वाइस चेयरमैन ने कहा कि मंडी में नाप-तोल की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की हेराफेरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की सही तौल और समय पर खरीद सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीजन के दौरान अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होने पर समय रहते व्यवस्था की जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।