गर्मी में क्षेत्रवासियों को बिजली की समस्या न हो, इससे निपटने के लिए निगम ने तैयारियां पूरी कर ली है। निगम की ओर से क्षेत्र के दो गांवों में नए बिजली स्टेशन का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से मंजूरी मिल गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर के अलावा लोड भी बढ़ाया गया है। निगम अधिकारियों की ओर से दावा किया जा रहा है कि लोगों को गर्मी में कटौती का करंट नहीं लगेगा और पूरी बिजली मिलेगी।
सौलधा और कुलासी गांव में बनेंगे नए पावर हाउस
निगम की ओर से सौलधा और कुलासी गांव में दो साढ़े 12 केवी के नए पावर हाउस का निर्माण किया जाएगा। पिछले दिनों 160 नए ट्रांसफार्मर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में लगाए गए हैं। पावर हाउस को बेहतर किया गया है ताकि लोड बढ़ने पर गड़बड़ी के बिजली संकट से न जूझना पड़े। शहर में बिजली कटौती हर सीजन में होती है। गर्मी आते ही कटौती बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए निगम ने अबकी बार गर्मी के मौसम से पहले ही तैयारी की है।
फीडरों की मेंटेनेंस का कार्य जारी
गर्मी में फीडर में गड़बड़ी नहीं हो इसकी पूरी तैयारी है। निगम के अधिकारियों के मुताबिक फीडरों की मेंटेनेंस का कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों का दावा है कि यह कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। इसके बाद बिजली की कोई समस्या नहीं रहेगी। साथ ही जिन कालोनियों में लोड की समस्या थी वहां पर लोड के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। पुराने सब स्टेशनों पर बिजली की क्षमता बढ़ाई है। जसौर खेड़ी गांव में 6.3 किलोवाट की जगह उसकी क्षमता 10 किलोवाट की है। जहां तारें खराब हो गई थी वहां पर तारों को बदला गया है और नई तारें लगाई जा रही हैं। फीडरों में खराबी नहीं आए इसके उपाय किए गए हैं।
अभी 22 लाख यूनिट प्रतिदिन दी जा रही है बिजली
इन दिनों बिजली निगम की ओर से क्षेत्र में प्रतिदिन 22 लाख यूनिट बिजली सप्लाई की जा रही है। गर्मी के दिनों में बढ़ी जरूरत के मुताबिक बिजली उपलब्ध है। पावर कट भी अचानक नहीं होगा। गर्मी के मौसम में यह सप्लाई बढ़ जाएगी और करीब 30 लाख यूनिट की खपत प्रतिदिन होगी।
क्या कहते हैं कार्यकारी अभियंता
बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता सांवरिया गिरधारी वत्स का कहना है कि निगम ने गर्मी के मौसम में लोगों को बिजली समस्या से न जूझना पड़े। इसके लिए निगम ने पूरी तरह तैयारी की है। निगम की ओर से विभिन्न स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर और कई गांवों में नए पावर हाउस बनाए जाने का काम किया जा रहा है। जहां तारें खराब थी वहां पर नई तारें लगवाई गई हैं।