साल्हावास (झज्जर)। 12 साल पहले हुई पिता की हत्या का बदला लेने के लिए दो बेटों ने अपने भांजे के साथ मिलकर मातनहेल गांव में शनिवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति की फरसा और कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर में भिजवाया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
गांव मातनहेल निवासी 40 वर्षीय मुकेश की शनिवार को दोपहर गांव के ही ऋषि, राहुल उर्फ कालू और जींद के गतौली निवासी सूरज ने फरसा व कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक, 12 वर्ष पहले मुकेश ने ऋषि और राहुल के पिता हरिओम की ईंट मारकर हत्या की थी। हरिओम और मुकेश उस समय शराब पी रहे थे। शराब पीते हुए दोनों की कहासुनी हो गई थी। इस दौरान मुकेश ने हरिओम की हत्या कर दी थी। इस पर मुकेश को सजा हुई थी। डेढ़ साल पहले ही वह सजा पूरी करके लौटा था।
अकेले नहीं निकलता था घर से बाहर
जेल से आने के बाद मुकेश अपने घर में ही रहता था। वह घर से कम ही बाहर जाता था। जब भी वह घर से बाहर जाता था परिवार के किसी ने किसी सदस्य को साथ ले जाता था। शनिवार दोपहर जैसे ही वह घर से अकेला बाहर निकला तो आरोपियों ने उसका पीछा किया और फरसा व कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
एफएसएल टीम ने मौके से जुटाए सबूत
वारदात के बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर फोन किया। थाना प्रभारी प्रकाश चंद व उप पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मौके का मुआयना किया। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने पुलिस के साथ मौका मुआयना कर घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ऋषि, राहुल और सूरज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वर्जन-
परिजनों की शिकायत पर हरिओम के बेटे ऋषि, राहुल उर्फ कालू निवासी मातनहेल व उनके भांजे सूरज निवासी गतौली जिला जींद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
-प्रकाशचंद्र, थाना प्रभारी साल्हावास
...........
फोटो-15 घटनास्थल पर मामले की जांच करती पुलिस।