झज्जर। करीब 2 माह पूर्व चरखी दादरी से एक युवती से भगाकर ले गया युवक झज्जर के मुबारकपुर गांव का बताया गया है। हालांकि उसे मामला चरखी दादरी पुलिस थाने के अंतर्गत होने की वजह से दादरी पुलिस ने ही काबू किया है। पुलिस ने उन्हें काबू करने के बाद चरखी दादरी में ही उनका कोरोना वायरस टेस्ट कराया गया। इसमें युवती की कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बताया जा रहा है चरखी दादरी जिले के एक गांव से युवक एक युवती को 15 मार्च को भगा कर ले गया था और उसके बाद वह चरखी दादरी से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पहुंच गए। गाजियाबाद में करीब 2 माह तक रहने के बाद पुलिस 16 मई को उन्हें बरामद कर चरखी दादरी ले आई। वहां से आने के बाद पुलिस ने चरखी दादरी में ही दोनों का कोरोना वायरस का टेस्ट करवाया था।
झज्जर प्रशासन को नहीं कराया अवगत
हालांकि इस संबंध में फिलहाल तक चरखी दादरी प्रशासन की ओर से झज्जर प्रशासन को कोई जानकारी नहीं दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोई भी मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जाता है तो संबंधित क्षेत्र के प्रशासन की ओर से वहां के प्रशासन को जानकारी दी जाती है। लेकिन इस संबंध में अभी तक जिला प्रशासन के पास कोई जानकारी नहीं आई है।
फिलहाल तक इस संबंध में चरखी दादरी प्रशासन ने कोई जानकारी नहीं दी है। अगर इस संबंध में वहां के प्रशासन की ओर से कोई जानकारी मिलती है तो विभाग की ओर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- डॉ. आरएस पूनिया, सीएमओ, झज्जर।