बहादुरगढ़। शहर से सटे गांव सराय औरंगाबाद के बाहर झुग्गी में रहने वाले एक मजदूर के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस श्रमिक ने पिछले चार माह से कोई ऐसी यात्रा नहीं की, जिससे संक्रमण हो सके। इसलिए उसको कोरोना होने पर हैरानी जताई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप पूनिया ने बताया कि सराय औरंगाबाद के पास झुग्गी में रह रहे इस मजदूर की कोरोना जांच के लिए 16 अप्रैल को सैंपल लिया गया था। पीजीआई रोहतक में जांच के बाद मंगलवार 19 मई की शाम को उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि मरीज के मुताबिक, उसने पिछले 4 महीनों में कोई यात्रा नहीं की और वह किसी भीड़ या आंदोलन का हिस्सा नहीं बना। वह दो साल ये यहां रहता है। मजदूर शराब पीने और धूम्रपान का आदि है और अस्थमा का रोगी है। इसलिए उसको इलाज के लिए पीजीआई ले जाया गया था, जहां उसकी कोरोना जांच भी की गई। फिलहाल रोगी को पीजीआई में ही भर्ती कराया गया है। जिस जगह में झुग्गी बनाकर वह रहता है उस जगह के मालिक ने भी अपना कोरोना टेस्ट करवाने का फैसला लिया है।