बाईपास पर फ्लाईओवर के नीचे बनाई जा रही सड़क।
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ बाईपास पर बने फ्लाईओवर के नीचे टूटी सड़क को सुधारने का काम शुरू हो गया है और सप्ताह में पूरा कर दिया जाएगा। यहां वाहन चलाना तो दूर पैदल राहगीर को भी निकलने में मशक्कत का सामना करना पड़ता था। विधायक राजेश जून ने सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत कराई है। साथ ही जंक्शन इंप्रूवमेंट के कार्य में भी तेजी लाई गई है। यह कार्य पूरा होने के बाद न केवल तीन गांवों के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी काफी सुविधा होगी।
बालौर से सिद्दिपुर लोवा की तरफ जाने वाले रास्ते पर बने फ्लाईओवर के नीचे सड़क पूरी तरह टूटी हुई थी। इस पर गांव बालौर और सिद्दिपुर के ग्रामीण सतेंद्र सिंह, जयभगवान, दयानंद, विकास कुमार ने बताया कि शहर की तरफ आने के लिए इस फ्लाईओवर के नीचे से निकलना पड़ता था, यहां से निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क का निर्माण होने के बाद लोगों को दिक्कत नहीं होगी। अधिकारियों से मांग है कि सड़क का निर्माण गुणवत्ता के साथ कराया जाए, ताकि यह लंबे समय तक चले। इस मार्ग की हालत बेहद खराब थी। इस रास्ते की कनेक्टिविटी भी मुख्य मार्ग यानी बाईपास के नीचे से सही नहीं थी। पुल के नीचे बड़े-बड़े गड्ढे थे और लेवल भी पूरी तरह से खराब था। अब संबंधित एजेंसी की ओर से पुल के नीचे सुधारीकरण कार्य शुरू किया गया है।
काम तीव्र गति से किया जा रहा है और सप्ताहभर में यह पूरा हो जाएगा। काम पूरा होने के बाद वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिलेगी। उधर, सिद्दिपुर लोवा और इस्सरहेड़ी के ग्रामीणों ने भी काम शुरू होने पर खुशी जताई है।
- फिरोज खान, प्रोजेक्ट मैनेजर, बहादुरगढ़।