संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। जन्माष्टमी को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां मंदिरों और घरों में चल रही हैं। इस बार पर्व पर महंगाई का असर साफ दिख रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को पहले से अधिक रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के दाम बढ़ गए हैं। रेलवे रोड के दुकानदार अभिषेक गुप्ता और शंकर बंसल ने बताया कि कुट्टू और सिंघाड़े के आटे में सर्वाधिक वृद्धि हुई है। कुछ दिन पहले 100 रुपये किलो बिक रहा कुट्टू का आटा अब 160 रुपये किलो तक पहुंच गया है। साबूदाने के दाम भी 100 रुपये से बढ़कर करीब 150 रुपये किलो हो गए हैं। फलों की कीमतों में भी तेजी आई है।
महंगाई के कारण व्रत की थाली महंगी हो गई है। कुट्टू का आटा, साबूदाना, केले, दूध और दही जैसी सामग्री खरीदने में लोगों को अधिक खर्च करना पड़ रहा है। खरीदारी करने आए अमित कुमार, नीरज शर्मा, पवन कुमार और राजेश सिंह ने बजट बिगड़ने की बात कही। इसके बावजूद, धार्मिक आस्था के चलते लोग खरीदारी कर रहे हैं। शहर के बाजारों में जन्माष्टमी की खरीदारी के लिए दिनभर भीड़ दिख रही है।