बहादुरगढ़। सेक्टर में पेयजल संकट से निपटने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से अब अवैध कनेक्शन धारकों के खिलाफ सख्ती होगी। पेयजल के अवैध कनेक्शनों को काटा जाएगा। इसके लिए एचएसवीपी के अधिकारी व कर्मचारियों की टीम जल्द ही सेक्टरों में सर्वे करेगी और अवैध कनेक्शनों की पहचान करेगी। सर्वे में पाए जाने वाले अवैध कनेक्शनों को मौके पर ही काटा जाएगा। साथ ही संबंधित अवैध कनेक्शन धारक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा भी की जाएगी। यह कार्रवाई वैध कनेक्शन वालों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल मुहैया कराने के लिए की गई है। सेक्टरवासियों का आरोप है कि अवैध कनेक्शनों को खुद विभाग के अधिकारी ही बढ़ावा दे रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी इन अवैध कनेक्शन धारकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। कई सालों से अवैध कनेक्शन चल रहे हैं। पेयजल का फ्री में प्रयोग किया जा रहा है, लेकिन कार्रवाई अब तक नहीं हुई। इसकी वजह से अवैध कनेक्शन धारकों के हौंसले बुलंद हैं।
सेक्टरवासियों की काफी शिकायत आई हैं। ऐसे में अवैध कनेक्शन धारकों पर अब सख्ती होगी। वे अपने कर्मचारियों को लेकर सर्वे करेंगे और जहां भी अवैध कनेक्शन मिला, उसे तुरंत काटा जाएगा।
-आशीष छिल्लर, जेई, एचएसवीपी, बहादुरगढ़।