झज्जर। नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रीड) के पास कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें व्यक्ति तो जीवित है, लेकिन परिवार पहचान पत्र में उसे मृत लिखा हुआ है। ऐसे में पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला रहा है।
यदि आपके साथ भी ऐसा है तो उसके लिए ज्यादा चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले आपको अपना आधार कार्ड दोबारा से एक्टिव करवाना होगा। उसके लिए आधार कार्ड सेंटर पर जाना होगा और वहां पर अपने बायोमैट्रिक को दोबारा से अपडेट करवाएं। उसके बाद परिवार पहचान पत्र में वेरिफाई करना होगा। ऐसा करने के बाद परिवार पहचान पत्र में पूरी जानकारी दिखना शुरू हो जाएगी और मृत की जगह लाइव हो जाएगा। यहां बता दें कि क्रीड के पास पिछले कुछ माह में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें किसी गलती की वजह से लोगों को परिवार पहचान पत्र में मृत दिखाया हुआ था। इस कारण लोग परेशान हो रहे थे। अब आधार अपडेट कराने पर इसका समाधान हो जाएगा।
एक ही परिवार की दो अलग-अलग फैमिली आईडी मर्ज करवानी हैं तो नहीं आएगी परेशानी
अब एक ही परिवार की यदि दो अलग-अलग परिवार पहचान पत्र है और उनको एक करवाना है तो आसानी से हो सकेंगी। इसके लिए केवल दोनों परिवार पहचान पत्र में माता-पिता का नाम एक ही होना चाहिए। इसके बाद ही परिवार पहचान पत्र आसानी से मर्ज हो जाएंगे। उसके जिला स्तर से अप्रूव मिल जाएंगी। यदि दो अलग-अलग परिवार पहचान पत्र को मर्ज करवाना है तो उसके लिए पहले वाल प्रोसेस ही अपनाना होगा।
वर्जन
परिवार पहचान पत्र में मृत दिखाने पर अब लोगों को अपने आधार में बायोमैट्रिक अपडेट करवानी होगी। उसके बाद परिवार पहचान पत्र में गलती ठीक हो जाएगी। इसी प्रकार से एक ही परिवार की यदि दो अलग-अलग आईडी बनी हुई है और उसे मर्ज करवाना है तो वह भी हो जाएगा। बशर्ते उसमें माता-पिता के नाम एक ही हों।
- योगेश, जिला प्रबंधक, नागरिक संसाधन सूचना विभाग, झज्जर