बहादुरगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से 15 जून तक क्षेत्र की सड़कों पर गड्ढों को भरने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन बहादुरगढ़ के संबंधित विभागों की ओर से आरटीआई में यह भी जानकारी नहीं दी गई कि क्षेत्र की सड़कों में कितने गड्ढे थे और कितनों को भर दिया है। इस समय बहादुरगढ़ की सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। बारिश का मौसम है और दोपहिया वाहन चालक इनका शिकार हो सकते हैं।
बहादुरगढ़ के बराही रोड के निवासी सतपाल हांडा ने विभाग में आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी कि प्रदेश के सीएम की ओर से गड्ढे भरने के निर्देश के बाद विभाग ने कितने गड्ढों को भरा। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में जनता के लिए घोषणा की थी कि 15 जून 2025 के बाद प्रदेश की किसी भी सड़क में गड्ढे नहीं दिखाई देंगे।
इसके बावजूद बहादुरगढ़ शहर की प्रमुख सड़के जैसे दिल्ली-रोहतक रोड से रेलवे स्टेशन तक, सांखोल गांव के श्मशान घाट से विश्वकर्मा चौक तक, पुराने बराही रोड से पावर हाउस चौक तक सड़कों की क्या हालत है, यह किसी से छिपी नहीं है। शहर में पकौड़ा चौक, सिविल हॉस्पिटल चौक पर हालात और भी दयनीय है। इसको लेकर 18 जून 2025 को जन सूचना अधिकार कानून के तहत जानकारी मांगी थी।
इसमें पूछा गया कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा हरियाणा राज्य में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए कितनी धनराशि की स्वीकृत की गई। 15 जून 2025 से पहले बहादुरगढ़ शहर की सड़कों में कितने गड्ढे थे, इसके बाद कितने व सड़कों की मरम्मत के लिए कितनी धनराशि विभाग द्वारा खर्च की गई। सांखोल गांव से दिल्ली रोहतक रोड वाया विश्वकर्मा चौक नाला रोड कब व किस अथॉरिटी द्वारा निर्माण किया गया।
इसकी लागत पर कितनी राशि खर्च हुई। बहादुरगढ़ शहर में बन रहे उत्तरी बाईपास के निर्माण कार्य का कितना प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है व इस पर अब तक कितनी धनराशि खर्च की गई है। उत्तरी बाईपास को बनाने की समय सीमा क्या है और इस नए रोड को कौन सा विभाग बना रहा है। 15 जुलाई 2025 को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा दी जानकारी में बताया गया कि मुख्यमंत्री हरियाणा द्वारा सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए कोई धनराशि की घोषणा नहीं की गई है।
पीडब्लूडी विभाग 100 से अधिक सड़कों की देखभाल करता है। सभी सड़कों में बने गड्ढों को गिन पाना उनके लिए संभव नहीं है। दिल्ली-रोहतक रोड से विश्वकर्मा चौक तक रेलवे रोड का एक तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है, परंतु विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि रोड की वर्तमान स्थिति संतोषजनक है। विश्वकर्मा चौक का कार्य नगर परिषद बहादुरगढ़ के अंतर्गत आता है, इस चौक की भी हालत बहुत ज्यादा खराब है।
उतरी बाईपास के निर्माण के बारे में बताया गया कि जब तक सिंचाई विभाग रिटेनिंग वॉल नहीं बना लेता, तब तक इस विभाग द्वारा रोड बनाने का कार्य आरंभ नहीं किया जा सकता।