पंचायत भवन में बुधवार को छह माह बाद हुई जिला परिषद की बैठक में अधिकारियों व अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर पार्षदों ने खूब सवाल उठाए। बैठक के दौरान कई मौके ऐसे आए जब हाउस में सियासी पारा बढ़ता हुआ दिखाई दिया। हाउस मीटिंग में पुराने कार्यों के बिल पास नहीं होने के कारण महिला पार्षद ने मुद्दा मीटिंग में उठाते हुए अध्यक्ष से सवाल किया। जवाब से संतुष्ट न होने पर उन्होंने अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े कर दिए। वहीं ठेठ हरियाणवी अंदाज में यहां तक कह डाला कि काम कराना उनके बस की बात नहीं है तो क्यों ठौड़ खूंड़ राख्या सै और कोई नया आकै न काम कर लेगा। अध्यक्ष ने भी महिला की इस बात पर तपाक से जवाब दिया कि करण्या कोए ना आवै, हामनै ए करणा सै। वहीं बैठक में तीन पार्षद गैरहाजिर रहे, जिनमें से एक पार्षद सुरेंद्र कड़ौदा की मौत हो चुकी है तथा दो महिला पार्षद मीटिंग में नहीं शामिल हुई। पार्षद सुरेंद्र कड़ौदा के परिवार की आर्थिक मदद की खातिर मुख्यमंत्री से मिलने व परिवार को सहायता राशि दिलवाने का भी प्रस्ताव पास किया गया।
चेयरमैन को दी 20 करोड़ की ग्रांट वितरण की पॉवर
हाउस की मीटिंग में सीईओ जिला परिषद एसडीएम शिखा की ओर से बताया गया कि विकास कार्यों के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की राशि आई हुई है। इसकी ग्रांट वितरण के लिए सदन में चर्चा कर ली जाए। ग्रांट वितरण को लेकर सभी पार्षद ने एकमत चेयरमैन परमजीत सौलधा को ग्रांट वितरण के लिए अधिकृत कर दिया। इसके बाद मीटिंग में अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
सीएए के समर्थन में पास हुआ प्रस्ताव
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हाऊस में पार्षद प्रदीप अहलावत प्रस्ताव लेकर आए। उनके इस प्रस्ताव का समर्थन सभी पार्षदों ने किया व इसे ध्वनिमत से पास कर दिया। इसके बाद फैसला लिया गया कि जिला परिषद झज्जर की ओर से पास किए गए प्रस्ताव की कापी लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी जाएगी।
प्रांगण में सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
बैठक पहुंचे जेजेपी की युवा विंग के जिला प्रधान व जिला परिषद सदस्य उपेंद्र कादयान ने पंचायत भवन कार्यालय के प्रांगण में काफी गंदगी होने की बात उठाई और कहा कि जब परिषद कार्यालय के प्रागंण में ही साफ-सफाई नहीं है तो फिर बाहर गांवों में सफाई कैसे हो पाएगी। उनकी बात पर अध्यक्ष ने सहानुभूति विचार करने और समस्या का समाधान समय रहते करने की बात कही।
नसीब मातनहेल बोले : नहीं हुआर उनके क्षेत्र में विकास
झज्जर विधानसभा से जजपा प्रत्याशी रहे व जिला पार्षद नसीब उर्फ सोनू ने कहा कि उनके क्षेत्र मातनहेल में विकास नहीं हो पा रहे। गांव की फिरनी पर गंदा पानी खड़ा है, समस्या का हल अधिकारी नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना था कि जनता हमें बनाती है और हमारा भी फर्ज उनके क्षेत्र का विकास कराना। जब हम अपने क्षेत्र का ही काम नहीं करा पाएंगे तो फिर कैसे काम चलेगा।
बैठक में विकास को लेकर ग्रांट का कोई भी मुद्दा नहीं है। हर बैठक में पुराने व नए मुद्दे आते हैं लेकिन उनका प्रयास है कि अच्छा व बेहतर जनता और सदस्यों के लिए किया जा सके। छोटी-मोटी बात परिवार के सदस्यों की बीच होती रहती है।
-परमजीत सौलधा, चेयरमैन, जिप झज्जर।