उपमंडल बेरी में नए कलेवर से खिलाड़ियों को सुविधा देने के लिए 6 एकड़ में पांच करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ खेल स्टेडियम पिछले दिनों आई पहली बरसात को नहीं झेल पाया। खास बात तो यह है कि स्टेडियम बनकर तैयार है और अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ है। हालत ये है कि कहीं स्टेडियम के दरवाजे टूटे पड़े हैं तो कहीं छत से मलबा गिरने लगा है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि निर्माण के समय में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है।
कस्बा वासियों का कहना है कि बेरी में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए स्टेडियम तो बना दिया है, लेकिन निर्माण निमभन स्तर का हुआ है। स्टेडियम का अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ है और पहली बरसात में ही इसकी हालत खराब हो गई। बरसात के समय में छत से पानी और मलबा भी गिर रहा है। वर्ष 2014 में स्टेडियम की नींव रखी गई थी और अब स्टेडियम बनकर भी तैयार हो गया है। खिलाड़ियों को इंतजार है कि कब उद्घाटन होगा। बेरी में स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू हुआ था तो खेल प्रेमियों को खुशी हुई थी और पिछले कई दिनों से स्टेडियम बनकर तैयार है और उद्घाटन की बांट जो रहा है और पहली बरसात आते ही स्टेडियम के निर्र्माण कार्य की पोल खुल गई है।
कमेटी भी कर चुकी है निरीक्षण
पालिका अधिकारियों की माने तो बेरी स्टेडियम बनकर तैयार होने के बाद उपायुक्त द्वारा गठित की गई कमेटी स्टेडियम का निरीक्षण कर चुकी है, फिर भी कहां चूक हुई है कि स्टेडियम पहली ही बरसात को नहीं झेल पाया। यह भी विभाग की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है।
इन सुविधाओं के मिलने का किया था दावा
अधिकारियों की माने तो स्टेडियम में लॉन टेनिस ग्राउंड, बास्केटबॉल मैदान, वालीबॉल ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड, फुटबॉल ग्राउंड, 200 मीटर का रंनिग ट्रैक है। खेल के मैदान में खेलने के लिए आने वाले खिलाड़ियों के वाहन खड़ेे करने के लिए अलग से पार्किंग का भी इंतजाम किया गया है, लेकिन क्या इंतजाम किए गए है वे अपनी कहानी स्वयं बयां कर रहे हैं।
दो वर्ष पूर्व घटिया सामग्री को लेकर उठा था मुद्दा
स्टेडियम की नींव रखी गई थी और स्टेडियम का निर्माण कार्य चल रहा था तो पार्षदों ने खेल स्टेडियम में घटिया निर्माण सामग्री का आरोप लगाया था और पार्षदों की शिकायत के बाद नपा की टीम ने स्टेडियम निर्माण सामग्री के सैंपल लिए गए थे, लेकिन न तो सैंपल के रिजल्ट आए और न ही फिर किसी ने आवाज उठाई।
उद्घाटन के बाद इन गांवों को मिलना था लाभ
बेरी खेल स्टेडियम का उद्घाटन होने के बाद बेरी, बाघपुर, भागलपुरी, बिसाहन, बाकरा, मांगवास, वजीरपुर गांवों के सैकड़ों खिलाड़ियों को इस खेल स्टेडियम से लाभ मिलेगा।
बेरी में पिछले दिनों आई आंधी तूफान से दरवाजेे खुले होने की वजह से खिड़कियों के शीशे टूट गए थे और खेल स्टेडियम में पिछले दिनों हुई बरसात होने से छत से पानी गिरने व मलबा गिरने व स्टेडियम में अनेक खामियां मिलने का मामला संज्ञान में आया है और जल्द ही खेल स्टेडियम परिसर का निरीक्षण किया जाएगा और कोई कमी पाई जाती है तो जांच की जाएगी।
-सुमनलता, नगर पालिका सचिव, बेरी।