जिलाधीश अनीता यादव ने नोटिस जारी कर कहा है कि उनके संज्ञान में आया है कि रविवार, 29 मई को रोहतक जिले के सांपला क्षेत्र तथा झज्जर के मांडौठी गांव में खाप पंचायतों द्वारा पंचायत किए जाने की संभावना है। पंचायत आरक्षण आंदोलन के दौरान दर्ज हुए मुकदमों एवं पुलिस द्वारा की जा रही गिरफ्तारी के विरोध में की जा रही है। जिलाधीश ने कहा कि उक्त प्रस्तावित पंचायत की वजह से दिल्ली-रोहतक रोड हाईवे नंबर 10 व अन्य सड़कों पर यातायात अवरुद्ध होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता, जिससे आम जन को परेशानी होगी।
जिलाधीश अनीता यादव ने जारी नोटिस में जन साधारण को सूचित करते हुए कहा है कि उक्त स्थानों पर किए जाने वाले सभा/पंचायत/धरना अथवा प्रदर्शन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होती है, रास्ता जाम होता है या फिर किसी सार्वजनिक अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो आयोजन में शामिल होने वाले लोग सीधे तौर पर इसके जिम्मेदार होंगे।
जिलाधीश ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए बताया कि अगर किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी भी सार्वजनिक अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है तो उसके हर्जाने की भरपाई नुकसान करने वाले व्यक्ति अथवा व्यक्तियों की चल-अचल संपत्ति को कुर्क करके की जाएगी। अनीता यादव ने जिला वासियों को प्रशासन का सहयोग करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उपायुक्त ने नोटिस की प्रति जिला एसपी, झज्जर, बेरी व बहादुरगढ़ के एसडीएम, सभी तहसीलदार व अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजते हुए लोगों को व्यापक रूप से जागरूक करने के लिए लिखा है।