शहर के गोरैया पर्यटक स्थल के कर्मचारियों व अधिकारियों की ईमानदारी के चलते एक पर्यटक को उसकी दो लाख रुपये की राशि वापस मिल गई। पर्यटक ने गोरैया संस्थान के कर्मियों व अधिकारियों का आभार जताते हुए उनकी ईमानदारी की सराहना की।
शहर के गोरैया पर्यटक स्थल पर मूल रूप से पंजाब के मोहाली शहर निवासी तजेंद्र सिंह 13 जून से 16 जून तक ठहरे हुए थे और गुरुवार की सुबह ही तजेंद्र ने वहां से चेक आउट किया। कमरा खाली होने के बाद वहां का वेटर दयालराम कमरे की सफाई के लिए गया तो उसे बेड पर एक पैकेट दिखा। वह पैकेट लेकर प्रबंधक अशोक चोपड़ा के पास पहुंचा। जब पैकेट खोला गया तो उसमें दो लाख रुपये थे। उक्त राशि को प्रबंधक ने अपने पास रख लिया। करीब दो घंटे उपरांत पर्यटक तजेंद्र सिंह वापस उनके पास पहुंचा और पैकेट की गुमशुदगी की जानकारी दी।
इस पर प्रबंधक चोपड़ा ने पर्यटक से उनके पास रखे पैकेट के बारे में पूरी तस्दीक की और फिर पैकेट उन्होंने तजेंद्र सिंह को सौंप दिया। खोई राशि को पाकर तजेंद्र सिंह ने राहत महसूस की और संस्थान प्रबंधक चोपड़ा व अन्य स्टाफ कर्मियों काउंटर इंचार्ज दिनेश कुमार, वेटर दयालराम की ईमानदारी को सलाम करते हुए उनका आभार जताया।
प्रबंधक अशोक चोपड़ा ने कहा कि आतिथ्य सत्कार की दिशा में उनका केंद्र सरकार की उम्मीदों पर पूर्णतया खरा उतर रहा है। उन्होंने बताया कि पर्यटक स्थल पर आने वाले लोगों को सुखद अनुभूति का अहसास कराते हुए संस्थान के कर्मियों द्वारा अपने कार्य में पूरी कर्तव्य निष्ठा बरती जाती है।