जोखिम फ्री गांव बनाना सरकार का प्रयास : कृषि मंत्री
कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने किया बादली हलके के दर्जनों गांवों का दौरा
फोटो 10:: ग्रामीण जनसभाओं को संबोधित करते ओपी धनखड़।
झज्जर। हरियाणा के कृषि एवं सिंचाई मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि देश के गांव जोखिम फ्री हों और गांव का संतुलित विकास हो इसी अवधारणा के साथ देश भर में ग्रामोदय से भारत उदय कार्यक्रम चलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान ग्रामीणों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं से जागरू क किया जा रहा है। कृषि मंत्री मंगलवार को बादली हलके के गांव माछरौली, बाबेपुर, गिरधरपुर, जटवाड़ा, धारौली, तुंबाहेड़ी व मुबारिकपुर सहित दर्जनों गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद कर रहे थे। उन्होंने गांव की चौपाल में जनसमस्याएं सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निदान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की सोच के अनुरूप प्रदेश मेें पहली बार पढ़ी लिखी पंचायतें बनी हैं, जोकि अपनी योग्यता के आधार पर गांव में विकास कार्य करवाने में सजगता दिखाएगी। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए सरकार की ओर से करोड़ों रुपये की ग्रांट दी जाती है और ग्रांट का सदुपयोग हो इसके लिए पंचायत प्रतिनिधि का पढ़ा लिखा होना सही ढंग से विकास कराने में सहायक है। उन्होंने कहा कि ग्रामोदय से भारत उदय कार्यक्रम ग्रामीण परिवेश में रहने वाले किसान, गरीब व्यक्ति के साथ-साथ हर वर्ग में जागरूकता का समावेश करेगा। इन अभियान के तहत विभिन्न चरणों में सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जा रही है, ताकि वे योजनाओं का लाभ सही ढंग से उठा सकें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 को प्रदेश सरकार की ओर से स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और प्रयास है कि हरियाणा प्रदेश इस वर्ष और अधिक तेजी से विकास में आगे बढ़े। इससे पूर्व कृषि मंत्री गांव सुरहेती में शहीद अमित देशवाल के निवास स्थान पर भी पहुंचे और शहीद की शहादत को सलाम किया।