झज्जर। कर्नल सीके नायडू ट्राॅफी के मैच में बहादुरगढ़ निवासी हिमांशु कुमार ने दो विकेट हासिल किए। मुकाबला हरियाणा व हैदराबाद की टीम के बीच खेला जा रहा है। दूसरे दिन की खेल समाप्ति तक हरियाणा की टीम 91 रनों से पीछे है। बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने 40 गेंदों में सात रन बनाकर अपने पांच विकेट गवां दिए।
इसके चलते हैदराबाद की टीम अपनी पहली पारी में 307 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान बल्लेबाजी में जी रितीश रेड्डी ने 54 रन बनाए। वहीं, हरियाणा की तरफ से गेंदबाजी में विवेक कुमार ने पांच और हिमांशु कुमार व आशीर्वाद शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
हिमांशु कुमार ने अपने 20 ओवर की गेंदबाजी में आठ ओवर मेडन किए और 36 रन दिए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम की शुरुआत अच्छी रही। हरियाणा की टीम ने पहले विकेट के लिए 108 रन जोड़े। इसके बाद टीम के विकेट गिरने शुरू हो गए।
हरियाणा टीम ने दूसरे दिन की खेल समाप्ति तक अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 216 रन बनाए। बल्लेबाजी में रोहन देशवाल ने 74 रन और कप्तान सर्वेश रोहिल्ला ने नाबाद 70 रन बनाए।